गोवा के वास्को में कार एक्सेसरीज की दुकान में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत

Share

- Advertisement -

Goa News: गोवा के वास्को स्थित तिलक मैदान के पास बुधवार को एक कार एक्सेसरीज की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि देखते ही देखते पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत खुद स्थिति का जायजा लेने घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक तैयारियों और राहत कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि उन्हें सुबह 11 बजे घटना की जानकारी मिली, जिसके तुरंत बाद वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए पूरा प्रशासनिक अमला मुस्तैदी से जुटा रहा, हालांकि इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

150 से अधिक विक्रेताओं के प्रभावित होने की आशंका

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने जानकारी दी कि प्रभावित इलाके के संडे मार्केट में 150 से ज्यादा छोटे विक्रेता अपनी दुकानें लगाते हैं और वहां कई पक्की दुकानें भी स्थित हैं। आग की चपेट में आने से कई दुकानों और सामान को नुकसान पहुंचने का अंदेशा है।

मुख्यमंत्री ने पीड़ित दुकानदारों और प्रभावित विक्रेताओं को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की ओर से नुकसान का पूरा आकलन किया जाएगा और प्रभावित लोगों को सरकार की तरफ से हर संभव आर्थिक व प्रशासनिक मदद मुहैया कराई जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News