सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रहे वाहन टकराए, नेता प्रतिपक्ष सुरक्षित

Share

- Advertisement -

Sultanpur News: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुलतानपुर के हलियापुर क्षेत्र में राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रहीं चार कारें और एक एंबुलेंस अचानक ब्रेक लगने से आपस में टकरा गईं। हादसे में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित हैं। वे मानहानि के एक मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट में पेशी के लिए सुलतानपुर जा रहे थे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली से सांसद राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रहे वाहनों के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसा हो गया। यह घटना सुलतानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माइलस्टोन 89.5 के समीप हुई। अचानक ब्रेक लगने के कारण काफिले के पीछे चल रहीं चार गाड़ियां और एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से टकरा गईं। इस दुर्घटना में वाहनों को क्षति पहुंची है, हालांकि राहत की बात यह रही कि राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

हादसे से पहले राहुल गांधी विमान से लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए सुलतानपुर के लिए रवाना हुए थे।

एमपी-एमएलए कोर्ट में मानहानि मामले पर आज फैसला

राहुल गांधी पर सुलतानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत में मानहानि का एक मुकदमा विचाराधीन है। इस मामले में विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने दोनों पक्षों की अंतिम दलीलें सुनने के उपरांत पत्रावली को निर्णय के लिए सुरक्षित रख लिया था। न्यायालय द्वारा फैसले की घोषणा के समय व्यक्तिगत उपस्थिति के तहत राहुल गांधी अदालत में पेश होने पहुंचे हैं।

जिले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध, कार्यकर्ताओं का जमावड़ा

राहुल गांधी के जनपद आगमन और अदालती पेशी के मद्देनजर सुलतानपुर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। कलेक्ट्रेट व न्यायालय परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए मार्ग में विभिन्न स्थानों पर एकत्र रहे।

Read more

Related News