Mumbai News: प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक कबीर खान के 23 वर्षीय बेटे विवान खान ने निर्देशन के क्षेत्र में पदार्पण किया है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम सीरीज ‘प्रोजेक्ट प्लस 91’ की शुरुआत की है, जिसके जरिए वे देश की विविध संस्कृति और सभ्यताओं को कैमरे में कैद कर रहे हैं। इस रचनात्मक पहल में 25 वर्ष से कम आयु के युवाओं की टीम उनका सहयोग कर रही है।
बॉलीवुड के जाने-माने फिल्म निर्देशक कबीर खान के बेटे विवान खान ने भी अपने पिता की तरह निर्देशन के क्षेत्र में करियर की शुरुआत की है। कम उम्र में ही रचनात्मक विधा को चुनते हुए विवान ने डिजिटल माध्यम से अपनी नई यात्रा शुरू की है। उन्होंने ‘प्रोजेक्ट प्लस 91’ नाम से एक इंस्टाग्राम सीरीज की शुरुआत की है, जिसके माध्यम से वे भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधताओं को दर्शकों के सामने ला रहे हैं।
देश की संस्कृति और विविधताओं को कैमरे में किया कैद
‘प्रोजेक्ट प्लस 91’ के माध्यम से विवान और उनकी टीम ने भारत के अलग-अलग कोनों का दौरा किया है। यात्रा के दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों की परंपराओं, जीवनशैली और स्थानीय संस्कृति को अपने कैमरे में दर्ज किया है। उनके इंस्टाग्राम पेज पर साझा की जा रही तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं, जो भारत की बहुसांस्कृतिक और विविधतापूर्ण पहचान की स्पष्ट झलक प्रस्तुत करते हैं।
25 वर्ष से कम उम्र के युवाओं की टीम कर रही काम
विवान खान ने महज 23 वर्ष की उम्र में इस व्यापक परियोजना का नेतृत्व संभाला है। इस प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि इसमें शामिल सभी सदस्य 25 साल से कम उम्र के युवा हैं। विवान की इस टीम में उनके साथ जईम खान, अनस आरिफ, कुहू सिंह, गौतम आहूजा, पार्थ खाडोलिया, अफराह सय्यद, प्रमय वादिभसमे, ब्रियान डोंगरडिवे और सलीम खान शामिल हैं। युवा टीम का यह समूह जमीनी स्तर पर भारतीय सांस्कृतिक धरोहर को आधुनिक डिजिटल प्रारूप में प्रस्तुत करने का काम कर रहा है।