Solan News: औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के तहत गोल जमाला में रविवार दोपहर नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने स्क्रैप कारोबारी की कंपनी के मुख्य गेट पर पांच राउंड फायरिंग की। कारोबारी को पिछले महीने फिरौती के लिए धमकी भरी कॉल आई थी। नालागढ़ क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन हुई फायरिंग से दहशत का माहौल है।
औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के तहत गोल जमाला में रविवार दोपहर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक स्क्रैप कारोबारी के प्रतिष्ठान के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ पांच राउंड फायर किए। वारदात को अंजाम देने के बाद बिना नंबर की बाइक पर सवार हमलावर मौके से फरार हो गए। क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन गोलीबारी की घटना सामने आने से औद्योगिक इकाइयों और स्थानीय कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
घटना रविवार दोपहर करीब दो बजे गांव गोल जमाला स्थित यूसुफ एंटरप्राइजेज के मुख्य गेट पर हुई। कंपनी में कार्यरत अकाउंटेंट दीप सिंह (निवासी गांव बड्डू, रामशहर) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार दो नकाबपोश व्यक्ति कंपनी के मुख्य गेट पर पहुंचे। उन्होंने वहां करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं और तुरंत फरार हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई।
पिछले महीने आई थी फिरौती की कॉल, गैंग के हाथ होने का संदेह
पुलिस के अनुसार, संबंधित स्क्रैप कारोबारी को पिछले महीने फिरौती के लिए धमकी भरी कॉल आई थी। पुलिस अब रंगदारी की उस कॉल और रविवार की गोलीबारी के बीच संभावित कड़ियों की गहनता से जांच कर रही है। जांच अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस वारदात के पीछे किसी संगठित आपराधिक गिरोह (गैंग) का हाथ तो नहीं है। कॉल करने वाले की पहचान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों के भागने के मार्ग का सुराग लगाया जा सके।
24 घंटे पहले बूटा पलासी में भी हुई थी फायरिंग
नालागढ़ उपमंडल में 24 घंटे के भीतर गोलीबारी का यह दूसरा मामला है। इससे पहले शनिवार तड़के बूटा पलासी में एक घर के बाहर बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने चार राउंड फायर किए थे। उस घटना में घर के बाहर खड़ी एक फॉर्च्यूनर गाड़ी पर दो गोलियां लगी थीं, जबकि दो हवाई फायर किए गए थे। बूटा पलासी की घटना में भी पीड़ित को पहले एक करोड़ रुपये की फिरौती के लिए धमकी भरी कॉल मिली थी। लगातार दो दिन हुई इन वारदातों ने पुलिस प्रशासन की चौकसी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने घटना को गंभीरता से लिया है और मामले की सभी कोणों से जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।