Panipat News: मुंबई के जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाला 32 वर्षीय अनिल पंडित हरियाणा के पानीपत जिले के रैर कलां गांव का रहने वाला है। वर्ष 2023 में विदेश जाने के बाद वह कथित तौर पर अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ गया। उस पर दिल्ली, पुणे और हरियाणा में फायरिंग व रंगदारी के कई मामलों में शामिल होने का आरोप है।
मुंबई के जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने के बाद 32 वर्षीय अनिल पंडित सुरक्षा एजेंसियों की जांच के केंद्र में आ गया है। अनिल पंडित मूल रूप से हरियाणा के पानीपत जिले के रैर कलां गांव का निवासी है। जांच एजेंसियों से जुड़े इनपुट के अनुसार, वह वर्ष 2023 में भारत से बाहर गया था और वर्तमान में अमेरिका के कैलिफोर्निया से कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रहा है। उस पर पिछले छह महीनों के दौरान दिल्ली, महाराष्ट्र और हरियाणा में अपने शूटरों के माध्यम से फायरिंग और रंगदारी की कई वारदातें करवाने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, अनिल पंडित वर्ष 2023 में अपने निजी पासपोर्ट के जरिए सबसे पहले कनाडा गया था। इसके बाद कनाडा, थाईलैंड और दुबई के रास्ते वह कथित तौर पर अमेरिका में मौजूद गैंगस्टर रणदीप मलिक के संपर्क में आया। आरोप है कि रणदीप मलिक की मदद से वह अमेरिका के कैलिफोर्निया पहुंचा और वहां लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क में शामिल हो गया। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े प्रमुख नामों में रणदीप मलिक, हैरी बॉक्सर, हरमन संधू, टायसन बिश्नोई और शुभम लोनकर के साथ अनिल पंडित का नाम भी सामने आया है।
दिल्ली में गुरु रंधावा के जिम और पुणे के ज्वेलरी शोरूम पर फायरिंग में नाम
जांच एजेंसियों के अनुसार, दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गायक गुरु रंधावा के जिम के बाहर हुई फायरिंग करवाने का आरोप अनिल पंडित पर है। इस मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए अनिल पंडित से कथित तौर पर जुड़े चार शूटरों को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार शूटर ‘सिग्नल ऐप’ के जरिए विदेश में बैठे अनिल पंडित के संपर्क में थे और उनके पास से विदेशी हथियार बरामद किए गए थे।
गुरु रंधावा के जिम पर हुई फायरिंग की घटना के करीब 15 दिन बाद महाराष्ट्र के पुणे में एक ज्वेलरी शोरूम पर भी गोलियां चलाई गई थीं। इस मामले में भी अनिल पंडित और शुभम लोनकर के नेटवर्क का नाम सामने आया था। महाराष्ट्र पुलिस ने इस वारदात में शामिल राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी तीन शूटरों को गिरफ्तार किया था, जो कथित तौर पर फायरिंग करने के लिए पुणे पहुंचे थे।
हरियाणा में रंगदारी, गायक की कार पर हमला और पुलिस मुठभेड़
पिछले छह महीनों के दौरान हरियाणा के विभिन्न जिलों में हुई आपराधिक घटनाओं में भी अनिल पंडित की कथित भूमिका की जांच की जा रही है। पानीपत में दो से तीन स्थानों पर रंगदारी मांगने के लिए फायरिंग करवाने का आरोप उस पर लगा है, जिसमें हरियाणा पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने उसके कथित शूटरों को गिरफ्तार किया था।
इसके अलावा, भिवाड़ी में गायक दिलेर खरकिया की कार पर फायरिंग करवाने के मामले में भी अनिल पंडित पर आरोप है। वहीं, हरियाणा के सोनीपत में धमकी देने के उद्देश्य से करवाई गई फायरिंग में भी उसका नाम जुड़ा है। सोनीपत के कुंडली इलाके में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान शूटर रोहित दहिया के साथ मुठभेड़ (हाफ एनकाउंटर) हुई थी। पुलिस और जांच एजेंसियां अलग-अलग राज्यों में हुई इन गिरफ्तारियों और विदेशी हथियारों की बरामदगी के आधार पर विदेश से संचालित होने वाले इस नेटवर्क की जांच कर रही हैं।