Kolkata News: कोलकाता के चोरबागन सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम हुई भीषण भगदड़ में 19 लोगों की जान चली गई। हादसे में 25 वर्षीय सोनू पाल बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई। करीब 25 घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।
सोनू पाल ने बताया कि तेज बारिश से बचने के लिए प्रवेश द्वार पर खड़े लोग अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। बाहर कोई नहीं निकलना चाहता था, जिससे गेट पर भारी दबाव बन गया। भीड़ का संतुलन बिगड़ते ही लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े और भीषण चीख-पुकार मच गई।
बारिश से बचने की होड़ में बेकाबू हुई भीड़
युवक ने बताया कि वह खुद भी लोगों के नीचे दब गया था। उसने किसी तरह बाहर निकलकर मां को तलाशने की कोशिश की। जब वह मां तक पहुंचा, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ के भारी दबाव के चलते किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
गिरीश पार्क थाना क्षेत्र में यह दर्दनाक हादसा शाम करीब 7:40 बजे हुआ। पुलिस ने मौके पर राहत अभियान चलाकर सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। मृतकों के परिजनों को शव सौंपने के लिए अस्पताल बुलाया गया, जहां पीड़ित परिवारों में व्यवस्था और लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला।
परिजनों ने उठाए सवाल, प्रशासन से मांगी जवाबदेही
हादसे में जान गंवाने वाली एक 30 वर्षीय युवती के भाई शुभम सोनकर ने बताया कि वह बहन की शादी की तैयारी कर रहे थे। बहन पूरे परिवार के साथ पंडाल घूमने गई थी, तभी यह हादसा हो गया। परिजनों और पड़ोसियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा कि इस लापरवाही का जिम्मेदार कौन है।
