Shimla News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड जारी है। केलंग में न्यूनतम तापमान माइनस 1.7 डिग्री, कुकुमसेरी में माइनस 1.2 डिग्री और ताबो में 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है।
हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय और जनजातीय इलाकों में बर्फबारी के बाद रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद शुक्रवार को निकली तेज धूप के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। धूप खिलने से मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों के लोगों को दिन में ठंड से राहत मिली।
दिन के तापमान में सबसे अधिक 7.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि कुल्लू जिले के भुंतर में दर्ज की गई। भुंतर में अधिकतम तापमान बढ़कर 25.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं केलंग में दिन का तापमान 4.3 डिग्री बढ़कर 8.2 डिग्री और ताबो में 2.3 डिग्री की वृद्धि के साथ 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी दिन के तापमान में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंडी में अधिकतम तापमान में 4.9 डिग्री और धर्मशाला में 4 डिग्री सेल्सियस का उछाल आया। हालांकि नाहन में दिन के तापमान में 1.4 डिग्री और शिमला में 0.6 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई।
ऊना रहा प्रदेश में सबसे गर्म
शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना जिले में दर्ज किया गया, जहां पारा 32.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं दूसरी तरफ चंबा जिले में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। पूरे राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से औसतन 5.7 डिग्री तक कम रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। आसमान साफ रहने और धूप निकलने से आने वाले दिनों में दिन के अधिकतम तापमान में और अधिक वृद्धि होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
प्रदेश के मुख्य शहरों का तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शिमला में न्यूनतम तापमान 11.0 और अधिकतम 20.4 डिग्री दर्ज किया गया। सुंदरनगर में न्यूनतम 12.0 व अधिकतम 28.0 डिग्री, भुंतर में न्यूनतम 8.7 व अधिकतम 25.5 डिग्री, कल्पा में न्यूनतम 3.8 व अधिकतम 18.4 डिग्री और धर्मशाला में न्यूनतम 13.6 व अधिकतम 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसी तरह कांगड़ा में न्यूनतम तापमान 12.7 और अधिकतम 28.1 डिग्री दर्ज किया गया। ऊना में न्यूनतम 15.0 व अधिकतम 32.8 डिग्री, नाहन में न्यूनतम 16.1 व अधिकतम 25.5 डिग्री, केलंग में न्यूनतम माइनस 1.7 व अधिकतम 8.2 डिग्री और सोलन में न्यूनतम 10.4 व अधिकतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
