Delhi News: पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने के बाद भी कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन समाप्त नहीं होगा। इसके साथ ही सीजेपी ने शुक्रवार को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की है।
सीजेपी ने शुक्रवार को देशभर में ‘हर जिला, एक दिन, एक मांग’ के नारे के साथ विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई है। इस दौरान लोग जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं की मांगों को पढ़ेंगे। साथ ही पुलिस कार्रवाई में घायल हुए छात्रों और उनके अभिभावकों के समर्थन में अपनी एकजुटता दर्ज कराएंगे।
पेपर लीक मामले पर फास्ट ट्रैक कोर्ट का फैसला नाकाफी
पार्टी ने पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट ट्रैक अदालतें बनाने की प्रधानमंत्री की घोषणा का स्वागत किया, लेकिन इसे नाकाफी बताया। सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार ने मुख्य सवालों के जवाब नहीं दिए हैं। छात्र और अभिभावक जानना चाहते हैं कि बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं।
आशुतोष रांका के अनुसार, शुरुआत से ही छात्रों की मुख्य मांग शिक्षा मंत्री का इस्तीफा रही है। इस निर्णय में हो रही देरी की वजह से प्रदर्शनकारियों की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने सचेत किया कि फैसला न होने के कारण अब छात्रों का आक्रोश केंद्रीय नेतृत्व की तरफ बढ़ने लगा है।
कोलकाता में रैली की अनुमति के लिए पुलिस को पत्र
सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास ने बताया कि उनकी सोनम वांगचुक से बात हुई है। वांगचुक ने विरोध प्रदर्शन को पूरी तरह से शांतिपूर्ण रखने पर जोर दिया है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से सही और अनुशासित तरीका अपनाने की अपील की है ताकि आंदोलन की गरिमा बनी रहे और मांगें सही से उठें।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन के बाद सीजेपी ने कोलकाता में रैली करने की तैयारी की है। संगठन ने शुक्रवार को शहर में मार्च निकालने की अनुमति के लिए कोलकाता पुलिस को आवेदन भेजा है। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की कि 19 और 21 जुलाई को इसके लिए ईमेल मिले हैं।