Sanaa News: ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोही उन्नत बैलिस्टिक मिसाइलें तैयार कर रहे हैं। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक इन घातक हथियारों में चीन से भेजे गए कंपोनेंट्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। ये मिसाइलें पूरे सऊदी अरब और इजरायल तक हमला करने में पूरी तरह सक्षम हैं।
कॉन्फ्लिक्ट आर्मामेंट रिसर्च की जांच रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। हूती विद्रोहियों के ये आधुनिक हथियार ईरान की घातक खेबर शेकन मिसाइल तकनीक पर आधारित हैं। यह एक सटीक गाइडेड बैलिस्टिक मिसाइल है, जो एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देने के लिए हवा में अपनी दिशा तेजी से बदल सकती है।
चीनी कंपोनेंट्स और ईरानी तकनीक से बढ़ी मिसाइल क्षमता
इस डिजाइन की मिसाइलें लगभग 1,200 मील तक आसानी से सटीक निशाना साध सकती हैं। यमन के अधिकारियों ने जुलाई महीने में हथियारों से जुड़े दो बड़े कंसाइनमेंट पकड़े थे। शिपिंग दस्तावेजों के अनुसार यह सामग्री एक प्रमुख चीनी एयरोस्पेस निर्माता कंपनी से अन्य सामान में छिपाकर भेजी गई थी।
जब्त सामान में मिसाइल मोटर, एयरफ्रेम के मेटल कंपोनेंट्स और सॉलिड-प्रोपेलेंट रॉकेट मोटर के पार्ट्स मिले हैं। हाल के दिनों में सऊदी अरब पर हूतियों के हमले तेजी से बढ़े हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हूतियों के रवैये की कड़ी निंदा की है, वहीं तनाव से तेल की कीमतें भी बढ़ रही हैं।