Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के मंगला स्थित शैफर्ड हिल्स होटल में सोमवार को चम्बा होटल एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई। इस विशेष बैठक में राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। बैठक में जिले में सड़क कनेक्टिविटी, पर्यटन विकास और होटल कारोबारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान चम्बा होटल एसोसिएशन ने चम्बा-किलाड़ मार्ग को राष्ट्रीय महत्व की परियोजना के रूप में मंजूरी दिलाने के प्रयासों के लिए सांसद हर्ष महाजन का आभार जताया। एसोसिएशन ने कहा कि इस ऐतिहासिक फैसले से जनजातीय क्षेत्र पांगी सहित पूरे चम्बा जिले में सड़क संपर्क, पर्यटन विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने सदस्यों को चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग के पुनर्विकास और री-डिजाइन की प्रस्तावित योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य यात्रा की दूरी लगभग 30 किलोमीटर कम करना है। इससे आम यात्रियों और पर्यटकों का करीब एक घंटे का समय बचेगा।
प्रस्तावित परियोजना की कुल अनुमानित लागत लगभग 3,000 करोड़ रुपये तय की गई है। मार्ग के री-डिजाइन के लिए मूल डीपीआर प्रस्तुत की जा चुकी है, जबकि नई डीपीआर अगले तीन महीनों में तैयार होने की उम्मीद है। सरकार ने इस निर्माण कार्य को आगामी तीन वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
बैठक में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा प्रदूषण संबंधी शुल्क दरों में की गई बढ़ोतरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि इस फैसले से होटल एवं पर्यटन उद्योग पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ेगा। कारोबारियों ने सांसद के माध्यम से केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र भी भेजा।
इससे पहले एसोसिएशन ने सांसद हर्ष महाजन का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें पारंपरिक शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया। बैठक में चम्बा होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष केके महाजन, महासचिव नागेश वकील, कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, करतार ठाकुर, अजय महाजन, नरेंद्र ठाकुर, हरदीप सिंह, रज्जाक मोहम्मद, मुकेश शर्मा, अविनाश सोनी, गिरिश, पवन वैद्य और राकेश शर्मा मौजूद रहे।
