Ahmedabad News: गुजरात के अहमदाबाद में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नरोल-पिराना रोड पर 9 साल की मासूम बच्ची 20 फीट गहरे खुले नाले में अचानक गिर गई। शनिवार शाम हुई इस दुर्घटना के बाद से ही बचाव अभियान जारी है, लेकिन बच्ची का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
रिक्शे से उतरते वक्त हुआ बड़ा हादसा
यह घटना उस वक्त हुई जब बच्ची की मां ऑटो से उतरकर किराया दे रही थी। मां से कुछ ही दूरी पर चल रही बच्ची का पैर फिसला और वह सीधे खुले गंदे नाले में समा गई। हादसे के बाद मौके पर भारी अफरातफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फायर ब्रिगेड और जवानों का सर्च ऑपरेशन जारी
मणिनगर फायर स्टेशन के ऑफिसर प्रवीण सिंह सोलंकी ने बताया कि शाम चार बजे सूचना मिलते ही टीमें मौके पर पहुंचीं। सीवर लाइन और पंपिंग स्टेशन के आसपास गहन तलाशी ली जा रही है। पानी के तेज बहाव और गहराई का सही जायजा लेने के लिए बीएसएफ जवानों की भी मदद ली जा रही है।
बचाव दल मैनहोल के ढक्कन खोलकर पंपिंग स्टेशन तक जाने वाले पूरे रास्ते की बारीकी से जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक बच्ची को सुरक्षित ढूंढ नहीं लिया जाता, तब तक यह तलाशी अभियान लगातार जारी रहेगा। मौके पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें भी तैनात हैं।
