Shimla News: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बातचीत के तरीके पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके पीएम से देश के युवाओं के साथ एकतरफा बात करने के बजाय सीधा और पारदर्शी संवाद स्थापित करने की अपील की है।
पंडित नेहरू का उदाहरण देकर चाचा की उपाधि पर चर्चा
विक्रमादित्य सिंह ने फेसबुक पोस्ट में पंडित जवाहरलाल नेहरू का उदाहरण दिया। उन्होंने लिखा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि ‘चाचा’ का टैग सिर्फ तस्वीरों से नहीं मिलता। यह लगातार बातचीत और बच्चों के प्रति सच्चे लगाव से मिलता है। पंडित नेहरू को बच्चों से जुड़ाव ने ही ‘चाचा नेहरू’ बनाया था।
उन्होंने आगे लिखा कि आज का युवा भी प्रधानमंत्री मोदी को केवल पीएम नहीं, बल्कि अपना ‘चाचा मोदी’ मानना चाहता है। हालांकि इसके लिए प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो प्रोग्राम ‘मन की बात’ को एकतरफा के स्थान पर दोतरफा संवाद बनाना होगा। तभी प्रधानमंत्री को यह सम्मान और उपाधि युवाओं से मिल सकती है।
युवाओं की नीयत और देश निर्माण का संदेश
कैबिनेट मंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा कि देश का युवा सरकार से लड़ना नहीं चाहता, बल्कि आपके साथ मिलकर देश बनाना चाहता है। इसके लिए सरकार को अपनी नीतियां और नीयत युवाओं के भविष्य के पक्ष में रखनी होगी। पारदर्शी बातचीत से ही युवाओं का भरोसा जीता जा सकता है और देश मजबूत होगा।
