Jalpaiguri News: जम्मू-कश्मीर में अवैध रूप से रह रहे करीब 150 बांग्लादेशी घुसपैठियों को कड़ी सुरक्षा के बीच बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित डिटेंशन कैंप लाया गया है। वायुसेना के विशेष विमान से सभी को बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचाया गया। वहां से सेना की गाड़ियों में डिटेंशन सेंटर लाया गया, जहां से इन्हें बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाएगा।
डिटेंशन कैंप में औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन सभी को सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसएफ को सौंपा जाएगा। फूलबाड़ी इमिग्रेशन चेकपोस्ट के जरिए कानूनी प्रक्रिया पूरी करके इन्हें चरणबद्ध तरीके से वापस भेजा जाएगा। सूत्रों के अनुसार घाटी में चले विशेष सर्वे में कुल 500 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया था।
फूलबाड़ी इमिग्रेशन सेंटर से बांग्लादेश भेजे जाएंगे अवैध नागरिक
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने केंद्र सरकार को सूचित किया था कि विभिन्न जिलों में 600 के करीब अवैध बांग्लादेशी रह रहे हैं। पहले चरण में डेढ़ सौ लोगों को बंगाल भेजा गया है, जबकि अन्य को भी जल्द वापस भेजा जाएगा। सीमावर्ती इलाकों में डेमोग्राफिक बदलाव रोकने के लिए केंद्रीय एजेंसियां लगातार सख्त कदम उठा रही हैं।
गृह मंत्रालय की उच्च स्तरीय समिति कर रही जांच
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीमावर्ती राज्यों में अवैध प्रवासियों की पहचान और जनसांख्यिकीय बदलावों के अध्ययन के लिए 26 मई को उच्च स्तरीय समिति का गठन किया था। समिति ने पिछले 15 वर्षों में सीमावर्ती जिलों में हुए बदलावों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। एक साल के भीतर यह समिति अपनी अंतिम रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।