भाजपा पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचार व कानून व्यवस्था को बनाएगी चुनावी मुद्दा, रणधीर शर्मा ने दोनों सरकारों पर साधा निशाना

Share

- Advertisement -

Shimla News: भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचार और बिगड़ी कानून व्यवस्था को मुख्य मुद्दा बनाएगी। भाजपा दोनों गैर-भाजपा शासित राज्यों की सरकारों के कामकाज और विफलताओं पर जनता के बीच सवाल उठाएगी।

रणधीर शर्मा ने मंगलवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी और करीबियों पर लगे आरोपों की जांच सीबीआई से कराने के निर्देश पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने दिए हैं। इसके लिए याचिका दाखिल की गई थी।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में चल रही पंजाब सरकार भ्रष्टाचार रोकने में पूरी तरह नाकाम रही है। भ्रष्टाचार खत्म करने के नाम पर राजनीति में आई आम आदमी पार्टी की सरकार खुद कटघरे में खड़ी है। भाजपा नेता ने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े किए।

रणधीर शर्मा ने कहा कि पंजाब में ड्रग माफिया, खनन माफिया और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। हाल ही में हुई हत्याओं और एक पुलिसकर्मी की हत्या की घटना से सरकार के कामकाज पर गंभीर सवाल उठते हैं। भाजपा इन मुद्दों को आगामी चुनाव में जनता के सामने पूरी ताकत से रखेगी।

भाजपा नेता ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय, बिजली बोर्ड और मार्केटिंग बोर्ड के कामकाज में अनियमिताएं सामने आ रही हैं। भाजपा लगातार इन मामलों में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यकाल में प्रदेश की कानून व्यवस्था बिगड़ी है। आपराधिक घटनाओं पर जिम्मेदारी लेने के बजाय कांग्रेस सरकार लोगों का ध्यान भटकाने में लगी है। भाजपा इन सभी जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाकर सरकार की पोल खोलेगी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News