Una News: ब्लॉक कांग्रेस हरोली की मासिक बैठक रविवार को पालकवाह स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। बैठक के दौरान उन्होंने हरोली विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से साझा की।
उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की गतिविधियों और भावी रणनीतियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली का शानदार भवन देखकर भाजपा को परेशानी हो रही है। भाजपा की सरकार के कार्यकाल में इस कॉलेज के निर्माण के लिए एक ईंट तक नहीं लगाई गई थी।
कांग्रेस सरकार ने कॉलेज का भव्य निर्माण करवाकर इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए समर्पित किया है। वर्तमान में इस संस्थान से करीब 550 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सरकार ने अगले साल इस संख्या को 1000 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। हरोली में हो रहे बड़े विकास कार्य भाजपा को रास नहीं आ रहे हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज हरोली भाजपा के भीतर टिकट पाने की होड़ मची हुई है। विरोधी दल लगातार विकास कार्यों में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और युवाओं को बेहतर शिक्षा सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।