Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हमीरपुर में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और विस्तारकों को केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की खास रणनीति बताई गई।
हमीरपुर जिले के टिप्पर में आयोजित इस बैठक में प्रदेश भाजपा प्रभारी श्रीकांत, संगठन मंत्री सिद्धार्थन, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिरकत की। दूसरे दिन सह प्रभारी दर्शना सिंह भी शामिल हुईं। इस दौरान राज्य के 171 मंडलों में एक-एक विस्तारक नियुक्त करने की योजना बनाई गई।
प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेशभर से आए करीब 350 वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए। बैठक का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर पर पार्टी के आधार को मजबूत बनाना है। साथ ही युवाओं और समाज के अलग-अलग वर्गों को संगठन से जोड़कर एक साल के अभियानों की पूरी रूपरेखा भी तैयार की गई है।
भाजपा विस्तारकों के जरिए प्रदेश सरकार की अधूरी गारंटियों और वादों को जनता के बीच मुद्दा बनाएगी। पार्टी नेताओं का दावा है कि कांग्रेस ने चुनाव के समय किए कई वादे पूरे नहीं किए हैं। इन जनविरोधी फैसलों को किस तरीके से उठाना है, इसकी पूरी रणनीति इस वर्ग में तय की गई है।
रविवार को आयोजित प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में आगामी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक में बूथ स्तर पर पार्टी की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और नए सदस्यों को जोड़ने की प्रक्रिया पर फीडबैक लिया जाएगा। इसी आधार पर पार्टी आगे की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देगी।
