Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के भराड़ी क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहां किराए पर रहने वाले एक प्रवासी परिवार की डेढ़ साल की बच्ची की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसर गया है और पुलिस जांच कर रही है।
रसोईघर में खेलते समय पानी की बाल्टी में गिरी मासूम
मृतका की पहचान अनाविया प्रवीण के रूप में हुई है। बच्ची के पिता जाहिद अंसारी मूल रूप से बिहार के भागलपुर जिले के रहने वाले हैं। वह वर्तमान में भराड़ी में रहकर आजीविका कमाते हैं। मंगलवार शाम बच्ची की मां शौचालय गई थी, तभी रसोई में खेल रही मासूम संतुलन बिगड़ने से बीस लीटर पानी की बाल्टी में जा गिरी।
शौचालय से लौटने पर मां ने बच्ची को बाल्टी में बेसुध देखा तो चीख-पुकार शुरू कर दी। शोर सुनकर पिता भी दौड़े आए और तुरंत मासूम को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की।