Bilaspur News: जिला अदालत परिसर में मंगलवार को पेशी के दौरान चिट्टा तस्करी का आरोपी पहली मंजिल से कूदकर भाग गया। इस गंभीर सुरक्षा चूक के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस टीम ने उसे बस स्टैंड के पास से दोबारा पकड़ लिया। वहीं, कर्तव्य में कोताही बरतने पर दो जवानों को निलंबित कर दिया गया है।
अदालत की पहली मंजिल से कूदकर भागा था आरोपी तस्कर
स्वारघाट थाने की पुलिस मादक पदार्थ तस्करी के आरोपी को अदालत में पेश करने लाई थी। तभी आरोपी मौका देखकर पहली मंजिल से नीचे कूद गया। इस आकस्मिक घटना से पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। इसके तुरंत बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सघन तलाशी अभियान शुरू किया और नाकेबंदी कर दी।
पुलिस की विशेष टीमों ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को कोर्ट से कुछ ही दूरी पर स्थित बस स्टैंड के पास दबोच लिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने पुष्टि की कि ड्यूटी में लापरवाही बिल्कुल सहन नहीं होगी। दोनों जवानों को सस्पेंड कर जांच के आदेश दिए हैं।