हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में बड़ा उलटफेर, मुकेश अंबानी को पछाड़कर गौतम अडानी बने देश के सबसे अमीर भारतीय

Share

- Advertisement -

Mumbai News: ‘एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026’ के ताजा आंकड़े जारी हो गए हैं। इस नई रिपोर्ट के मुताबिक अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी और उनके परिवार ने देश के सबसे अमीर भारतीय का ताज दोबारा हासिल कर लिया है। उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया है।

गौतम अडानी की संपत्ति 13 फीसदी बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई है। दूसरी तरफ मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 10 फीसदी घटकर 8.63 लाख करोड़ रुपये दर्ज की गई। इस बदलाव के बाद अब अडानी अपने प्रमुख प्रतिद्वंद्वी अंबानी से 59,400 करोड़ रुपये की संपत्ति से आगे निकल चुके हैं।

देश में रिकॉर्ड 391 अरबपति, जीडीपी का आधा हिस्सा

हुरुन सूची के इस नए संस्करण में 1,810 ऐसे लोग शामिल हैं, जिनकी व्यक्तिगत संपत्ति कम से कम 1,000 करोड़ रुपये है। इन सभी दिग्गजों की कुल दौलत 12.8 फीसदी बढ़कर 187.5 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। यह विशाल रकम भारत की समूची जीडीपी के लगभग आधे हिस्से के बराबर बैठती है।

रिपोर्ट के अनुसार देश में डॉलर अरबपतियों की संख्या बढ़कर रिकॉर्ड 391 तक पहुंच गई है। पांच साल पहले यह आंकड़ा सिर्फ 237 था। बीते एक साल में ही 27 नए डॉलर अरबपति इस सूची में शामिल हुए हैं, जो घरेलू अर्थव्यवस्था में तेज रफ्तार वेल्थ क्रिएशन को साफ तौर पर दर्शाता है।

स्टील और मेटल सेक्टर के दिग्गजों की ऊंची छलांग

आर्सेलर-मित्तल के एलएन मित्तल की नेटवर्थ 93 फीसदी उछलकर 3.39 लाख करोड़ रुपये हो गई है। यूरोप में स्टील नीतियों के चलते वे आठ पायदान चढ़कर तीसरे स्थान पर आ गए। वेदांता के अनिल अग्रवाल 87 फीसदी बढ़त के साथ नौवें और टोरेंट फार्मा के समीर मेहता दसवें पायदान पर रहे।

इस बार लिस्ट में 131 महिलाएं शामिल हैं, जिनमें 33 डॉलर अरबपति हैं। एचसीएल की रोशनी नाडर मल्होत्रा 2.79 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ देश की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं। जयश्री उलाल सबसे अमीर सेल्फ-मेड महिला और रेणुका जगतियानी सबसे अमीर नई महिला एंट्री बनकर उभरी हैं।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम तकनीक का नया दौर

सूची में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अलग सेक्टर के रूप में जोड़ा गया है। इसमें 19 उद्यमियों की कुल संपत्ति 3.07 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। व्हिस्पर फ्लो के युवा संस्थापक तनाय कोठारी और सहज गर्ग भी इसमें शामिल हैं। वहीं क्यूपीआई-एआई के नागेंद्र नागराजा क्वांटम सेक्टर के पहले उद्यमी बने।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News