Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर शहर में केंद्रीय जांच एजेंसी से मिले इनपुट के आधार पर सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। आरोपी पर सोशल मीडिया के जरिए कथित रूप से देश विरोधी सामग्री शेयर करने और संदिग्ध नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने 17 सितंबर को पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र भेजकर जांच के निर्देश दिए थे। इनपुट में आशंका जताई गई थी कि सोशल मीडिया पर सक्रिय यह व्यक्ति किसी संदिग्ध नेटवर्क या देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के संपर्क में हो सकता है।
प्राथमिक जांच के बाद 21 सितंबर को सदर थाना हमीरपुर में मामला दर्ज हुआ। इसके तुरंत बाद सोमवार शाम पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी की ऑनलाइन गतिविधियों, सोशल मीडिया अकाउंट्स, कॉल डिटेल्स और स्थानीय स्तर पर बने संपर्क नेटवर्क की गहनता से पड़ताल कर रही है।
हिरासत में लिया गया व्यक्ति बाहरी राज्य का रहने वाला है और पिछले छह महीने से हमीरपुर में टेलर का काम कर रहा था। जांच एजेंसी की एक विशेष टीम मंगलवार को हमीरपुर पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर आरोपी से लंबी पूछताछ कर सकती है।
पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से आरोपी की पहचान जाहिर नहीं की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक आरोपी के किसी आतंकी नेटवर्क से सीधे जुड़ाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की पूरी और निष्पक्ष जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।