Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी चंदन गुप्ता को रूस की राजधानी मॉस्को में रूसी सेना की हिरासत से रिहा कर दिया गया है। रिहाई के बाद वे मॉस्को स्थित अपने घर सुरक्षित लौट आए हैं। उनकी पत्नी स्नेहा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर नया वीडियो साझा कर पति के सुरक्षित घर लौटने की पुष्टि की है।
पत्नी ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से लगाई थी गुहार
चंदन गुप्ता का मामला तब चर्चा में आया जब उनकी पत्नी ने सोशल मीडिया पर भावुक एसओएस वीडियो जारी किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके पति को गिरफ्तार करके जबरन रूसी सेना में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में हस्तक्षेप की गुहार लगाई थी।
स्नेहा गुप्ता ने बताया कि चंदन के भारतीय नियोक्ता, नोएडा स्थित यूफ्लेक्स लिमिटेड ने मॉस्को में समय पर कानूनी सहायता मुहैया कराई। इस त्वरित कानूनी मदद की बदौलत ही उनकी सुरक्षित रिहाई मुमकिन हो सकी। चंदन की पत्नी ने मुश्किल वक्त में लगातार संपर्क बनाए रखने और हर संभव सहयोग देने के लिए कंपनी का आभार जताया।
नशे में तोड़फोड़ के आरोप में हुए थे गिरफ्तार
वर्क वीजा पर परिवार सहित मॉस्को में रहने वाले चंदन को 5 सितंबर की देर रात रेड स्क्वायर से हिरासत में लिया गया था। उन पर नशे की हालत में खड़ी एम्बुलेंस के शीशे तोड़ने का आरोप लगा था। पुलिस ने उनका फोन और पासपोर्ट जब्त कर लिया था, जिससे परिवार को रविवार सुबह तक जानकारी नहीं मिल सकी।
चंदन के साथ मौजूद एक मित्र ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी थी। चार दिनों के भारी तनाव और कानूनी जद्दोजहद के बाद आखिरकार उनकी रिहाई संभव हुई। पति के सुरक्षित घर पहुंचने के बाद पूरे परिवार और रिश्तेदारों ने राहत की सांस ली है। इस मामले की चर्चा अब दोनों देशों में हो रही है।