Kanpur News: कानपुर के गुजैनी इलाके में धर्मांतरण के दबाव और धार्मिक उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घर में पूजा स्थल के बगल में जबरन मजार बनवा दी गई। महिला पर बुर्का पहनने और धर्म बदलने का दबाव भी बनाया गया।
जालौन निवासी सोनू जाटव ने दो साल पहले गुजैनी की कच्ची बस्ती में शिबू खान से जमीन खरीदी थी। बच्चे बीमार पड़ने पर आरोपियों ने परिवार को तंत्र-मंत्र के झांसे में लिया। इसके बाद आरोपियों ने घर में बने मंदिर के पास एक मजार खड़ी कर दी।
जन्माष्टमी पर चादर चढ़ाने और धमकी देने का आरोप
सोनू का आरोप है कि जन्माष्टमी पर पूजा के दौरान आरोपियों ने मजार पर जबरन चादर चढ़ाई। विरोध करने पर जान से मारने और मुस्लिम बनने की धमकी दी गई। सोनू की पत्नी पर भी लगातार बुर्का पहनने का कड़ा दबाव बनाया जा रहा था।
मजार हटाने पर शिबू खान, वसीम, फुरकान, सोहेल और अन्य ने सोमवार रात घर में घुसकर हमला कर दिया। दबंगों ने सोनू, उसकी पत्नी और तीन बच्चों की पिटाई की। शिकायत पर थाने पहुंचे पीड़ित को दरोगा ने उल्टा डराते हुए मामला दबाने को कहा।
लापरवाह दरोगा निलंबित, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के टालमटोल पर हिंदू संगठनों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। अधिकारियों के दखल के बाद नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ। डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मुख्य आरोपी शिबू को गिरफ्तार कर चार अन्य से पूछताछ की जा रही है।
मामले में लापरवाही बरतने वाले दरोगा को तुरंत निलंबित कर दिया गया है और चौकी इंचार्ज की भूमिका की जांच जारी है। तनाव को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस मामले में संगठित धर्मांतरण नेटवर्क के एंगल की भी जांच कर रही है।