Lucknow News: उत्तर प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में कार्यरत बिना टीईटी पास शिक्षकों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित होगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यह फैसला लिया गया है।
1.42 लाख शिक्षकों को पास करनी होगी विशेष टीईटी
वर्ष 2010 से पूर्व भर्ती हुए करीब 1.42 लाख शिक्षकों और विशेष शिक्षकों को अब टीईटी पास करना अनिवार्य होगा। अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने आयोग से परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम मांगा है। विभाग की इस पहल से लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
माध्यमिक विद्यालयों में 23,899 पदों पर होगी भर्ती
प्रदेश के 4512 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में 23,899 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। शिक्षा निदेशालय ने टीजीटी, पीजीटी और प्रधानाचार्य के पदों का अधियाचन चयन आयोग को भेज दिया है। आयोग पदों का परीक्षण करने के बाद जल्द ही आधिकारिक विज्ञापन जारी करेगा।
दंपती शिक्षकों के ट्रांसफर आवेदन की तिथि बढ़ी
इलाहाबाद हाई कोर्ट के निर्देश के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने दंपती शिक्षकों के अंतरजनपदीय तबादलों के लिए आवेदन की तारीख 5 अगस्त तक बढ़ा दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पति या पत्नी में से केवल आवेदन करने वाले शिक्षक का ही स्थानांतरण किया जाएगा।
