Bengaluru News: बेंगलुरु में 30 वर्षीय महिला का कथित अपहरण कर दो दिनों तक बंधक बनाने का मामला सामने आया है। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाया और पैसे न देने पर उसे लीक करने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता को छुड़ाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लापता होने की शिकायत के बाद पुलिस ने किया रेस्क्यू
यह मामला तब सामने आया जब पीड़िता की मां ने चंद्रा लेआउट पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला का पता लगाया और उसे सुरक्षित बचाया। इसके बाद मामले में संलिप्त रेशमा बानू, उसके पति सुहेल और नजात नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
उधार लिए पैसों की किस्त न चुकाने पर विवाद
पुलिस के अनुसार घटना 27 से 31 अगस्त के बीच की है। पीड़िता ने दो साल पहले नजात से 50,000 रुपये और रेशमा से एक लाख रुपये उधार लिए थे। आर्थिक तंगी के कारण वह छह महीने से ब्याज और दो महीने से किस्त नहीं दे पा रही थी। इसके बाद उसने संपर्क बंद कर दिया था।
काम के बहाने बुलाकर कुंबलगोडु में बनाया बंधक
आरोप है कि 27 अगस्त को महिला को काम के बहाने नजात के घर बुलाया गया। वहां रेशमा, सुहेल और दो अन्य लोग पहुंचे और मारपीट की। आरोपी महिला और उसके बेटे को ऑटो से कुंबलगोडु ले गए। वहां बंधक बनाकर कपड़े उतरवाए और वीडियो बनाकर पैसे न देने पर वायरल करने की धमकी दी।
चंद्रा लेआउट पुलिस ने संबंधित कानूनी धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम, मारपीट और धमकी के पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
