जन्मदिन पर दोस्त से मिले लॉटरी टिकट ने बदली किस्मत, शख्स समझ रहा था एक लाख और निकला 9 करोड़ का जैकपॉट

Share

- Advertisement -

Illinois News: अमेरिका के इलिनॉय से किस्मत चमकने का एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक शख्स को बर्थडे पार्टी में दोस्त ने लॉटरी टिकट गिफ्ट किया था। विजेता पहले समझा कि वह सिर्फ 1,000 डॉलर यानी लगभग एक लाख रुपये जीता है, लेकिन हकीकत में वह 9 करोड़ रुपये का जैकपॉट था।

ब्रैडवुड निवासी इस व्यक्ति के जन्मदिन पर उसकी पत्नी ने पार्टी रखी थी। समारोह के दौरान उसके दोस्त ने लिफाफे में कुछ लॉटरी टिकट भेंट किए। इन्हीं में 8 अगस्त का इलिनॉय लॉटरी लोटो मिलियन 1 टिकट भी शामिल था। ड्रॉ में टिकट के सभी छह नंबर विजेता नंबरों से पूरी तरह मेल खा गए।

एक हजार डॉलर की समझ ने छुपाया बड़ा इनाम

हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी लॉटरी जीतने के बाद भी व्यक्ति को असली रकम का अंदाजा नहीं हुआ। उसने टिकट देखकर मान लिया कि जीत सिर्फ 1,000 डॉलर की है। दोस्त से दोबारा जांच कराने पर भी दोनों टिकट के असल नतीजों को ठीक से समझ नहीं पाए और इतने में ही खुश थे।

विजेता दंपती जब प्राइज सेंटर पहुंचा, तब जाकर इस बड़े जैकपॉट का राज खुला। काउंटर पर मौजूद स्टाफ ने टिकट स्कैन करते ही बताया कि यह छोटी जीत नहीं, बल्कि 10 लाख डॉलर यानी करीब 9 करोड़ रुपये का बंपर प्राइज है। यह सुनते ही पति-पत्नी खुशी से भावुक हो गए।

सालगिरह पर क्रूज और नई कार खरीदने का प्लान

करोड़ों रुपये का जैकपॉट हाथ लगते ही इस कपल ने अपने भविष्य के शानदार प्लान तैयार कर लिए हैं। विजेता ने बताया कि वह परिवार के साथ फ्लोरिडा के सालाना टूर पर जाएंगे। इसके साथ ही एक नई लग्जरी कार और गोल्फ कार्ट खरीदने की योजना भी बनाई जा रही है।

दंपती की शादी की 40वीं सालगिरह भी जल्द आने वाली है। इस खास अवसर का जश्न मनाने के लिए वे एक शानदार क्रूज ट्रिप पर जाने की तैयारी में हैं। मामूली गिफ्ट समझकर खोला गया एक लिफाफा इस परिवार के लिए जिंदगी भर की सबसे बड़ी और यादगार सौगात साबित हुआ।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News