मॉस्को में कानपुर के इंजीनियर को पुलिस ने लिया हिरासत में, पत्नी ने पीएम मोदी और सीएम योगी से लगाई मदद की गुहार

Share

- Advertisement -

Moscow News: रूस की राजधानी मॉस्को में उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी इंजीनियर चंदन गुप्ता और उनके साथी आशीष को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों पर नशे की हालत में एम्बुलेंस का शीशा तोड़ने का आरोप लगा है। वहीं, इंजीनियर की पत्नी ने आरोपों को झूठा बताते हुए सरकार से मदद मांगी है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह घटना पांच सितंबर की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे मॉस्को के रेड स्क्वायर इलाके में हुई। पुलिस दोनों भारतीयों को बाउमांस्काया थाने ले गई। चंदन नोएडा की फ्लेक्स फिल्म्स कंपनी की रूसी यूनिट में काम करते हैं और वहां हाई-क्वालिफाइड वर्क वीजा पर अपने परिवार के साथ रह रहे हैं।

पत्नी ने सेना में जबरन भर्ती के लगाए गंभीर आरोप

इंजीनियर की पत्नी स्नेहा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तुरंत दखल देने की अपील की है। स्नेहा ने कहा कि उनके पति निर्दोष हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय भाषा न आने के कारण दस साल के बच्चे के साथ उन्हें भारी परेशानी हो रही है।

स्नेहा ने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि उनके पति पर रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव डाला जा रहा है। उनका दावा है कि सैनिकों की कमी की वजह से विदेशियों पर ऐसा दबाव बनाया जाता है। हालांकि, इस गंभीर दावे की अभी किसी आधिकारिक स्तर पर पुष्टि नहीं हो पाई है।

भारतीय दूतावास ने मांगी कांसुलर पहुंच

मामला सामने आने के बाद मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने रूसी अधिकारियों से संपर्क साधा है। दूतावास ने दोनों नागरिकों की स्थिति जानने और कानूनी मदद देने के लिए कांसुलर एक्सेस की मांग की है। भारतीय अधिकारी उनसे मिलकर उनकी सेहत और कानूनी स्थिति की सीधी जानकारी लेना चाहते हैं।

सरकारी सूत्रों का कहना है कि दूतावास चंदन की पत्नी से लगातार संपर्क में है। रूसी पुलिस इसे विशुद्ध कानूनी मामला मानकर जांच कर रही है। भारत सरकार पहले भी विदेशों में अपने नागरिकों की सुरक्षा और कानूनी अधिकारों को लेकर स्थानीय सरकारों से मजबूती के साथ बात करती रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News