Delhi News: भारत की पूर्वोत्तर सीमा के पास बांग्लादेश के सिलहट में अमेरिका और बांग्लादेश की सेनाओं ने ‘टाइगर लाइटनिंग 2026’ युद्धभ्यास शुरू किया है। 20 जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाला यह अभ्यास 13 दिनों तक आयोजित किया जाएगा।
दोनों सेनाओं के 180 से ज्यादा जवान ले रहे हिस्सा
बांग्लादेश सेना की पैरा कमांडो ब्रिगेड की देखरेख में यह आयोजन हो रहा है। आईएसपीआर के मुताबिक अमेरिकी सेना के 91 सैनिक और बांग्लादेशी सेना के 93 जवान इस ट्रेनिंग में शामिल हैं। इसमें दोनों देशों के विशेष बल हिस्सा ले रहे हैं।
सामरिक रूप से भारत के लिए क्यों खास है सिलहट?
सिलहट इलाका भारत के मेघालय और असम राज्य की सीमा के बेहद पास स्थित है। भारत के करीब अमेरिकी सेना की मौजूदगी और स्पेशल फोर्सेज का संयुक्त अभ्यास रणनीतिक नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि इसे नियमित अभ्यास बताया गया है।
साल 2017 में हुई थी ‘टाइगर लाइटनिंग’ की शुरुआत
अमेरिका और बांग्लादेश के बीच इस द्विपक्षीय अभ्यास की शुरुआत 2017 में हुई थी। उद्घाटन समारोह में बांग्लादेश सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद मैनुर रहमान और अमेरिकी राजदूत ब्रेंट टी. क्रिस्टेंसन शामिल हुए। इसका मकसद इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाना है।
सेना प्रमुख के तुर्की दौरे के बीच अभ्यास
यह युद्धाभ्यास ऐसे समय में हो रहा है जब बांग्लादेशी सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमां तुर्की की यात्रा पर हैं। अमेरिकी दूतावास के अनुसार यह अभ्यास दोनों देशों के बीच सैन्य तैयारियों में सुधार और बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए आयोजित किया गया है।