New Delhi News: ब्रिटेन की चेस्टर क्राउन कोर्ट ने भारतीय मूल के 27 वर्षीय युवक बिलाल काजी को नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के 37 मामलों में 30 साल जेल की सजा सुनाई है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर 10 से 15 साल की करीब 70 लड़कियों को निशाना बनाया था।
ब्रिटेन की चेस्टर क्राउन कोर्ट ने शुक्रवार को भारतीय मूल के 27 वर्षीय छात्र बिलाल काजी को 30 साल जेल की कठोर सजा सुनाई है। अदालत ने उसे नाबालिग लड़कियों को अश्लील तस्वीरें और वीडियो भेजने के लिए उकसाने तथा ब्लैकमेल करने से जुड़े 37 अपराधों में दोषी ठहराया है। यूके पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कम से कम 70 नाबालिग लड़कियों से संपर्क कर उन्हें अपना शिकार बनाने की कोशिश की, जिनमें अधिकांश की उम्र 10 से 15 साल के बीच थी।
यूनिवर्सिटी ऑफ चेस्टर का छात्र था आरोपी
रिपोर्ट के मुताबिक, बर्मिंघम में रहने वाला बिलाल काजी यूनिवर्सिटी ऑफ चेस्टर में पढ़ाई कर रहा था। सुनवाई के दौरान उसने बच्चों के यौन शोषण से जुड़े 37 अपराधों में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इन अपराधों में 13 साल से कम उम्र के बच्चों सहित अन्य नाबालिगों को यौन गतिविधियों में शामिल करने के 24 मामले, ब्लैकमेल करने के 6 मामले और बच्चों की अश्लील तस्वीरें बनाने के 3 मामले शामिल हैं।
फर्जी पहचान बनाकर करता था ब्लैकमेल
पुलिस जांच में सामने आया कि काजी स्नैपचैट, रोब्लॉक्स और विंक जैसे सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म पर सक्रिय था। उसने किसी अनजान लड़के की तस्वीरों का इस्तेमाल कर ‘रीस’ नाम के एक गोरे ब्रिटिश किशोर के रूप में फर्जी अकाउंट बनाया था।
बातचीत के दौरान वह 10 से 15 साल की लड़कियों को यह विश्वास दिलाता था कि वे उसके साथ एक सच्चे रिश्ते में हैं। लड़कियों का भरोसा जीतने के बाद वह उनसे निजी और अश्लील तस्वीरें तथा वीडियो मांगता था। जब लड़कियां और सामग्री भेजने से मना करती थीं, तो वह पहले भेजी गई तस्वीरों को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करता था।
2021 की शिकायत से खुला मामला, हीथ्रो एयरपोर्ट से हुई गिरफ्तारी
इस पूरे मामले की जांच नवंबर 2021 में शुरू हुई थी, जब एक 13 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि स्नैपचैट पर संपर्क होने के बाद आरोपी उससे निजी तस्वीरें और वीडियो मांग रहा था।
मामला सामने आने के बाद काजी ब्रिटेन छोड़कर चला गया था। हालांकि, जुलाई 2023 में जब वह वापस यूके लौटा, तो पुलिस ने उसे हीथ्रो एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके मोबाइल और अन्य उपकरणों से 900 से अधिक अश्लील तस्वीरें और वीडियो बरामद हुए।