Delhi News: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक भारतीय कंटेंट क्रिएटर अमेरिकी सेना से मिलने वाले फायदों के बारे में बता रही हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट पर लोग अमेरिकी और भारतीय सेना की सुविधाओं की तुलना कर रहे हैं।
महिला का नाम मेघा है और उनकी शादी अमेरिकी सेना के जवान मिशेल लेलैंड हिल से हुई है। कपल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर अमेरिकी मिलिट्री परिवार होने के तीन मुख्य फायदों का खुलासा किया है, जिससे बहस छिड़ गई है।
जीवनभर की मुफ्त शिक्षा, फ्री हेल्थकेयर और बेहद सस्ता घर
वीडियो में मिशेल ने बताया कि सेना में पूरे जीवन के लिए मुफ्त शिक्षा मिलती है। देश के किसी भी स्कूल में पढ़ाई के लिए प्रति माह 1,000 डॉलर दिए जाते हैं। इसके अलावा वेटरन्स अफेयर्स के जरिए जिंदगी भर मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
कपल के अनुसार घर खरीदने के लिए केवल 140 डॉलर यानी लगभग 13,000 रुपये का कागजी खर्च आता है। इसके बाद घर की चाबी मिल जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि सैनिक को हर महीने 4,200 डॉलर यानी लगभग 4 लाख रुपये वेतन मिलता है।
सोशल मीडिया पर 22 लाख से अधिक व्यूज, लोगों के मिले मिले-जुले रिएक्शन
इस वीडियो को 22 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। कमेंट सेक्शन में यूजर्स भारतीय रक्षा बलों से मिलने वाली सुविधाओं की तुलना कर रहे हैं। कई पूर्व सैनिकों के बच्चों ने लिखा कि भारतीय सेना में भी क्वार्टर, बेहतरीन स्कूल और कैंटीन डिस्काउंट जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
मेघा ने एक अन्य वीडियो में खुलासा किया कि मिलिट्री स्पाउस होने के कारण उन्हें महज 2 महीने में अमेरिका का ग्रीन कार्ड मिल गया। उनके पति ने दो युद्धों में भाग लिया था, जिससे उनकी इमिग्रेशन प्रक्रिया बेहद तेजी से पूरी हुई और उन्हें स्थायी निवास का अधिकार मिला।