Washington News: अमेरिका में हवाई यातायात व्यवस्था पर तकनीकी गड़बड़ी का असर लगातार दूसरे दिन रविवार को और अधिक गंभीर हो गया। संघीय विमानन प्रशासन (FAA) के प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने जानकारी दी है कि देशभर में उड़ानों का संचालन सोमवार तक ही पूरी तरह पटरी पर लौट सकेगा। इससे पहले शनिवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की संचार व्यवस्था में आई बड़ी तकनीकी खराबी के कारण पूरे देश में करीब पांच घंटे तक उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी।
11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह अमेरिकी हवाई यातायात पर लगाई गई सबसे लंबी देशव्यापी रोक की घटनाओं में से एक है, जिसके चलते देशभर के हवाई अड्डों पर 15 लाख से अधिक यात्री फंसे रह गए।
दो दिनों में रद्द और प्रभावित उड़ानों का आंकड़ा
विमानन वेबसाइट ‘फ्लाइटअवेयर’ (FlightAware) और समाचार एजेंसी रॉयटर्स के आंकड़ों के अनुसार, इस तकनीकी संकट से लाखों यात्रियों की यात्रा योजनाएं अस्त-व्यस्त हो गईं: दिन रद्द हुई उड़ानें विलंब से रवाना हुई उड़ानें शनिवार 9,000 से अधिक 8,000 से ज्यादा रविवार करीब 9,200 लगभग 7,500
एविएशन एनालिटिक्स कंपनी ‘सीरियम’ (Cirium) के हवाले से न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया कि शनिवार को जब सेवाएं बहाल हुईं, तो महज 14 मिनट के भीतर 90 प्रतिशत विमान अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए, लेकिन रद्द हुई उड़ानों के कारण यात्रियों की परेशानी लगातार बनी रही। सबसे अधिक प्रभाव जॉर्जिया, टेक्सास, फीनिक्स और फिलाडेल्फिया के हवाई अड्डों पर देखा गया।
69 राउटर ठप होने से बिगड़ा संचार तंत्र, 17 केंद्र प्रभावित
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने तकनीकी गड़बड़ी का कारण स्पष्ट करते हुए बताया कि एफएए के ठेकेदार ‘एल3हैरिस’ (L3Harris) द्वारा एक दूरस्थ संचार केंद्र में नया राउटर लगाने के दौरान यह समस्या उत्पन्न हुई। इससे देशभर के हवाई अड्डों पर एक साथ 69 राउटरों ने काम करना बंद कर दिया, जबकि उस समय करीब 3,500 विमान हवा में थे।
राउटर में आई खराबी के कारण हवाई यातायात नियंत्रण केंद्रों के रडार और संचार तंत्र में अस्थिरता आ गई और अन्य केंद्रों पर डेटा का अत्यधिक दबाव बढ़ गया। डफी के अनुसार, हर चार से पांच सेकंड में एक हजार से अधिक कनेक्शन के प्रयास होने लगे, जिससे विमानों के साथ संपर्क बनाए रखने में भारी कठिनाई हुई। इस गड़बड़ी से एफएए के 22 में से 17 उड़ान नियंत्रण केंद्र प्रभावित हुए। जानकारों के मुताबिक, अमेरिका का एयर ट्रैफिक सिस्टम पहले से ही कंट्रोलरों की भारी कमी और पुरानी तकनीक की दोहरी मार झेल रहा है।
एयरलाइंस ने दी बिना शुल्क टिकट री-बुक करने की सुविधा
परिचालन बाधित होने के कारण डेल्टा, यूनाइटेड और अमेरिकन एयरलाइंस ने शनिवार को अपनी करीब 25 प्रतिशत उड़ानें रद्द कर दीं, जबकि जेटब्लू (JetBlue) को अपनी लगभग 45 प्रतिशत उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। संकट को देखते हुए विमानन कंपनियों ने यात्रियों को राहत देते हुए बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के बाद की तारीखों में टिकट बुक कराने की सुविधा दी है। वहीं, एफएए ने भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त तकनीकी परीक्षण शुरू कर दिए हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने पूर्ववर्ती सरकार को ठहराया जिम्मेदार
इस बड़े विमानन संकट के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी बयान जारी करते हुए संसद से हवाई यातायात प्रणाली के आधुनिकीकरण (ओवरहालिंग) के लिए 50 अरब डॉलर के बजट की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “हम दुनिया का सबसे बेहतरीन सिस्टम बनाएंगे, जो तेजी और असरदार तरीके से 50 साल पुराने सिस्टम की जगह ले सकेगा।”
ट्रंप ने इस बदहाली का ठीकरा पूर्ववर्ती डेमोक्रेटिक सरकार पर फोड़ा है। हालांकि, एफएए के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, पूर्व बाइडेन प्रशासन ने भी हवाई अड्डों और ट्रैफिक कंट्रोल टावरों में सुधार के लिए 25 अरब डॉलर की राशि जारी की थी।