Sofia News: बुल्गारिया के ताकतवर एथलीट क्रिस्टो मस्कोव ने 13 नवंबर को सोफिया के वासिल लेव्स्की हवाई अड्डे पर लगभग 45 टन वजनी एयरबस A320 विमान को मात्र 23.25 सेकंड में 20 मीटर तक खींचकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। हालांकि, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से इस उपलब्धि की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
बुल्गारिया के ताकतवर एथलीट क्रिस्टो मस्कोव ने 13 नवंबर को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की दिशा में एक शानदार प्रयास किया। उन्होंने बुल्गारिया की राष्ट्रीय एयरलाइन, बुल्गारिया एयर के एयरबस A320 विमान को 20 मीटर तक खींचकर सभी को हैरान कर दिया। विमान का वजन लगभग 45 टन (44,460 किलोग्राम) था, जिसे उन्होंने मात्र 23.25 सेकंड में निर्धारित दूरी तक खींचा।
क्रिस्टो मस्कोव का यह प्रदर्शन इस मॉडल के विमान को खींचने के पिछले रिकॉर्ड से भी तेज था। सोफिया के वासिल लेव्स्की हवाई अड्डे के रनवे पर यह कारनामा किया गया। इस चुनौती के लिए बुल्गारिया एयर ने 180 यात्रियों की क्षमता वाला अपना एयरबस A320 विमान (रजिस्ट्रेशन नंबर: LZ-FBG) उपलब्ध कराया था।
31.3 सेकंड का पुराना कीर्तिमान तोड़ा
विश्व रिकॉर्ड की शर्तों के अनुसार, मस्कोव को यह विमान 30 सेकंड से भी कम समय में 20 मीटर की तय दूरी तक खींचना था। उन्होंने न केवल इस लक्ष्य को हासिल किया, बल्कि 23.25 सेकंड का समय लेकर पुराना कीर्तिमान भी पीछे छोड़ दिया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड 28 फरवरी 2021 को यूनाइटेड किंगडम में मार्क जीन्स के नाम दर्ज था, जिन्होंने इसी मॉडल के विमान को 31.3 सेकंड में खींचा था। नवंबर के अंत तक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा इस प्रयास के दस्तावेजों की समीक्षा पूरी कर इसे आधिकारिक मान्यता दिए जाने की उम्मीद है।
एयरलाइन ने जताई खुशी
चुनौती के दौरान बुल्गारिया एयर टीम के फर्स्ट ऑफिसर बोजिदार इलिएव कॉकपिट में दूसरे पायलट के रूप में मौजूद रहे। इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इलिएव ने कहा, “राष्ट्रीय एयरलाइन होने के नाते, हमें उन बुल्गारियाई एथलीटों का समर्थन करने पर गर्व है जो अपनी प्रतिभा, लगन और साहस के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करते हैं। हमें खुशी है कि हम इस असाधारण उपलब्धि का हिस्सा बने, जिसने बुल्गारिया को वैश्विक चर्चा में ला दिया है।”
पहले भी कर चुके हैं ऐसा प्रदर्शन
20 सालों का अनुभव रखने वाले पेशेवर एथलीट मस्कोव ‘स्ट्रॉन्गमेन’ प्रतियोगिताओं में कई बार विश्व और यूरोपीय चैंपियन रह चुके हैं। उन्हें बुल्गारिया के सबसे ताकतवर व्यक्तियों में शुमार किया जाता है। इससे पहले 4 नवंबर 2025 को भी उन्होंने बुल्गारिया एयर के लगभग 40 टन वजनी एयरबस A220 विमान को 25 मीटर तक खींचकर अपनी ताकत का लोहा मनवाया था।