New Delhi News: बंगाल की खाड़ी में बना दबाव का क्षेत्र तेजी से मजबूत होकर चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ का रूप ले रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह 17 नवंबर तक भीषण चक्रवात बनकर आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है। इसके असर से ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान दस्तक देने जा रहा है, जिसे ‘अक्वान’ (Akvan) नाम दिया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, समुद्र के ऊपर बना डिप्रेशन तेजी से ताकत जुटा रहा है। इसके सोमवार 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान में बदलने और मंगलवार 17 नवंबर तक भीषण चक्रवात का रूप लेने की आशंका है। अगले कुछ दिनों में इसके और मजबूत होकर आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने का अनुमान है।
पिछले तीन हफ्तों के दौरान इस क्षेत्र में बनने वाला यह तीसरा चक्रवाती तूफान होगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और फिर उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़कर आंध्र प्रदेश के तट की तरफ जाएगा। हालांकि, इसकी सटीक तीव्रता और प्रभाव का आकलन आगामी मौसम अपडेट के साथ स्पष्ट होगा। इस तूफान का नाम ईरान ने दिया है, जिसका अर्थ ‘बुरी मानसिकता’ या ‘दुष्ट मन’ बताया गया है।
बंगाल की खाड़ी में तूफान की मौजूदा स्थिति
मौसम विभाग के रविवार के अपडेट के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा था और रविवार सुबह 11:30 बजे इसी क्षेत्र में केंद्रित था। विभाग ने सोमवार को इसके दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की संभावना जताई थी।
मंगलवार तक इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर भीषण चक्रवात में बदलने और अगले दो दिनों में आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने का अनुमान है। अमेरिका स्थित ज्वाइंट टाइफून वार्निंग सेंटर (JTWC) के अनुसार, समुद्र की सतह का तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जो तूफान के मजबूत होने के लिए अनुकूल स्थिति बना सकता है। हालांकि, अलग-अलग वैश्विक मौसम मॉडल इसकी तीव्रता को लेकर भिन्न अनुमान दे रहे हैं।
ओडिशा, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में बारिश की चेतावनी
भारत के पूर्वी तट पर इस चक्रवात का असर मुख्य रूप से तेज बारिश के रूप में देखने को मिल सकता है। ओडिशा सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट पर रखा है और राज्य के दक्षिणी तथा तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। ओडिशा के तटीय जिलों में 18 से 20 नवंबर के बीच बारिश का दौर जारी रह सकता है।
इसके अलावा, तमिलनाडु के उत्तरी तटीय जिलों के साथ पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु के पश्चिमी घाट और दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल में उत्तर और दक्षिण 24 परगना, कोलकाता, हावड़ा, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
मछुआरों और किसानों के लिए प्रशासन की सलाह
संभावित खतरे को देखते हुए ओडिशा प्रशासन ने सभी जिलों में कंट्रोल रूम और बचाव दलों को तैयार रखा है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और बचाव दलों को जरूरत पड़ने पर निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
मछुआरों को 16 नवंबर तक हर हाल में समुद्र से तट पर लौटने की सलाह दी गई है। साथ ही, किसानों से अपील की गई है कि वे 18 और 19 नवंबर को होने वाली संभावित बारिश से पहले अपनी तैयार फसलों की कटाई पूरी कर लें।