ऑपरेशन सिंदूर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फिर बड़ा दावा, भारत ने तीसरे पक्ष की मध्यस्थता से किया इनकार

Share

- Advertisement -

Washington News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया था। उन्होंने कहा कि शुल्क लगाने की चेतावनी के बाद दोनों देश भड़क गए थे। हालांकि भारत उनके इस दावे का लगातार खंडन करता रहा है।

कैंप डेविड में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने दावा किया कि दोनों देशों के सैन्य संघर्ष में 11 विमान मार गिराए गए थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान पर 250 प्रतिशत शुल्क लगाने की चेतावनी दी थी। जिसके बाद दोनों देशों ने आपस में बातचीत करके युद्ध रोक दिया था।

शहबाज शरीफ का हवाला देकर ट्रंप ने जताया अपना आभार

ट्रंप ने दावा किया कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने उनसे बात की थी। उन्होंने कहा कि शरीफ के मुताबिक युद्ध रुकवाने से दोनों परमाणु शक्तियों के बीच लगभग पांच करोड़ लोगों की जान बची। उन्होंने यह भी दोहराया कि अपने कार्यकाल के दौरान वे आठ अलग-अलग युद्ध रुकवाने में पूरी तरह सफल रहे हैं।

भारत ने मध्यस्थता के दावे को सिरे से खारिज किया

भारत ने ट्रंप के इन सभी दावों को सिरे से खारिज किया है। नई दिल्ली के अनुसार, संघर्ष-विराम पर सहमति तब बनी थी जब पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक ने भारतीय समकक्ष से संपर्क किया था। भारत ने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले में किसी भी तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं रही है।

उल्लेखनीय है कि भारत ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में पिछले साल सात से दस मई के बीच ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था। इस कार्रवाई में पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकी ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया गया था। इसके बाद पाकिस्तान की ओर से की गई हमले की कोशिश को भी नाकाम किया गया।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News