Islamabad News: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वीकार किया है कि 2019 और 2020 में अफगानिस्तान से आतंकियों को लाकर खैबर पख्तूनख्वा में दोबारा बसाया गया था। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर आरोप लगाते हुए दिए गए इस बयान के बाद पाकिस्तान की आतंकवाद विरोधी नीतियों, सुरक्षा तंत्र और वित्तीय प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवाद को पनाह देने के आरोपों का सामना करता रहा है, लेकिन अब प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के एक बयान ने इस विवाद को नए सिरे से हवा दे दी है। शहबाज शरीफ ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि साल 2019 और 2020 के दौरान अफगानिस्तान से आतंकियों को लाकर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बसाया गया था। प्रधानमंत्री के इस कबूलनामे से देश की आतंकवाद विरोधी नीति और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
इमरान खान सरकार पर लगाया आरोप
शहबाज शरीफ ने 31 अक्टूबर को पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के खैबर पख्तूनख्वा से जुड़े सांसदों और पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक में यह बात कही। उन्होंने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के कार्यकाल में सामूहिक प्रयासों से आतंकवाद पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था और 2017-18 तक सुरक्षा स्थिति में सुधार हुआ था।
उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन इमरान खान सरकार द्वारा 2019 और 2020 में अफगानिस्तान से आतंकियों को वापस लाकर बसाने के फैसले के चलते देश में आतंकवादी गतिविधियां फिर से बढ़ीं और जान-माल का भारी नुकसान हुआ। हालांकि, इस बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि कितने आतंकियों को वापस लाया गया, इस फैसले को किसकी औपचारिक मंजूरी मिली थी और पूरी प्रक्रिया में सेना व खुफिया एजेंसियों की क्या भूमिका रही।
800 अरब रुपये खर्च होने के बाद भी सुरक्षा पर सवाल
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खैबर पख्तूनख्वा में आतंकवाद से निपटने के लिए जारी किए गए बजट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2010 के राष्ट्रीय वित्त आयोग (NFC) अवॉर्ड के तहत प्रांत को अतिरिक्त एक प्रतिशत हिस्सा दिया गया था, जिसके माध्यम से अब तक करीब 800 अरब पाकिस्तानी रुपये दिए जा चुके हैं।
इतनी बड़ी धनराशि मिलने के बावजूद उन्होंने पूछा कि क्षेत्र में कितने सेफ सिटी प्रोजेक्ट पूरे हुए, आतंकवाद निरोधक विभाग (CTD) को कितना मजबूत किया गया और पुलिस बल को आधुनिक हथियार व प्रशिक्षण क्यों नहीं दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस विभाग में हजारों पद रिक्त पड़े रहने पर भी गंभीर चिंता जताई।
आतंकवाद के कारण पाकिस्तान को भारी नुकसान
शहबाज शरीफ ने रेखांकित किया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान ने लगभग 80 हजार नागरिकों व जवानों को खोया है और देश को 150 से 200 अरब डॉलर का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। उन्होंने पेशावर के आर्मी पब्लिक स्कूल पर हुए आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए इसे देश के इतिहास का सबसे दर्दनाक अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि खैबर पख्तूनख्वा के नागरिकों, पुलिस और सेना का बलिदान महत्वपूर्ण है और आतंकवाद से निपटना पूरे देश की साझी जिम्मेदारी है।
पीटीआई का पलटवार
शहबाज शरीफ के इन आरोपों पर इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पीटीआई के केंद्रीय सूचना सचिव शेख वकास अकरम ने कहा कि सत्ताधारी दल के पास लोकतंत्र और सुशासन पर बोलने का नैतिक आधार नहीं है। पार्टी ने दावा किया कि इमरान खान के कार्यकाल में खैबर पख्तूनख्वा में शांति और स्थिरता बेहतर थी, जबकि मौजूदा केंद्र सरकार ने आतंकवाद से निपटने के लिए प्रांतीय प्रशासन को आवश्यक संसाधन और उपकरण मुहैया नहीं कराए।