अमेरिका के सिएटल में दिवाली समारोह के दौरान कट्टरपंथियों का हंगामा, सांसद प्रमिला जयपाल ने की नस्लवादी कृत्य की निंदा

Share

- Advertisement -

Seattle News: अमेरिका के सिएटल में आयोजित दिवाली कार्यक्रम के दौरान कट्टरपंथी कार्यकर्ताओं द्वारा व्यवधान डालने और नस्लवादी नारे लगाने का मामला सामने आया है। हाथ में विवादित प्लेकार्ड और अमेरिकी झंडे लेकर पहुंचे उपद्रवियों को सुरक्षाकर्मियों ने बाहर निकाला। भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल सहित प्रमुख हिंदू संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।

अमेरिका के सिएटल में आयोजित एक स्थानीय दिवाली समारोह में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब दो कट्टरपंथी कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। सिएटल सेंटर आर्मरी में आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों व्यक्तियों ने नस्लीय और आपत्तिजनक संदेशों वाले प्लेकार्ड लहराए। इन प्लेकार्ड्स पर भारतीय समुदाय के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए देश से निकालने और ईसाई अमेरिका पर कब्जे की चेतावनी लिखी गई थी।

कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों के साथ हाथापाई के बाद दोनों उपद्रवियों को परिसर से बाहर निकाल दिया गया। बाहर किए जाने के बाद इनमें से एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया और सार्वजनिक बयानों के जरिए दावा किया कि उन पर एंटीफा और हिंदू समुदाय के लोगों ने हमला किया। साथ ही उसने टेक्सास में रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी हार के लिए भी हिंदुओं को जिम्मेदार ठहराते हुए भड़काऊ टिप्पणियां कीं।

सांसद प्रमिला जयपाल ने जताई नाराजगी

भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने सिएटल में हुई इस घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इसे एक घिनौना और नस्लवादी कृत्य करार देते हुए कहा कि दिवाली का पावन पर्व रोशनी और सौहार्द का प्रतीक है। समुदाय को अपने त्योहार सुरक्षित और भयमुक्त माहौल में मनाने का पूरा अधिकार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर या देश में इस तरह की नफरत भरी गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उल्लेखनीय है कि सांसद जयपाल पूर्व में भी नस्लवादी टिप्पणियों का सामना कर चुकी हैं।

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन का कड़ा रुख

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) की कार्यकारी निदेशक सुहाग शुक्ला ने भी इस उपद्रव पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को केवल सोशल मीडिया पर ध्यान खींचने वाले समूह के रूप में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, विशेषकर तब जब पहले भी शिकागो के एक हिंदू मंदिर में ऐसी चरमपंथी गतिविधियों के तहत गंभीर प्रयास किए जा चुके हैं।

आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

घटना में शामिल मुख्य आरोपी लैंग पहले से ही कई हिंसक दक्षिणपंथी गतिविधियों में सक्रिय रहा है। वह 6 जनवरी को अमेरिकी कैपिटल (संसद भवन) पर हुए हमले के मामले में भी आरोपी रहा है, जहां उस पर सुरक्षाकर्मियों पर बेसबॉल बैट और दंगा-रोधी ढाल से हमला करने सहित 11 संघीय आरोप दर्ज किए गए थे। हालांकि, बाद में राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा 6 जनवरी की घटनाओं से जुड़े आरोपियों के साथ उसे भी क्षमादान दिया गया था।

कैपिटल घटना के बाद से ही वह लगातार भड़काऊ और आक्रामक प्रदर्शनों के जरिए सक्रिय है। इससे पहले वह न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी के आवास के बाहर भी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से एक विवादास्पद प्रदर्शन कर चुका है। जानकारों के अनुसार, अमेरिका के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर टेक्सास में भारतीय-अमेरिकी आबादी की वृद्धि के बीच ऐसी घटनाएं भारत-विरोधी और हिंदू-विरोधी गतिविधियों का हिस्सा बन रही हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News