Riyadh News: सऊदी अरब अगले साल एक दुर्लभ खगोलीय घटना का गवाह बनने जा रहा है। 2 अगस्त 2027 को यहां 21वीं सदी का सबसे लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई देगा। इस दौरान चंद्रमा सूर्य को पूरी तरह से ढका लेगा, जिससे कई मिनटों तक दिन में ही अंधेरा छा जाएगा।
सऊदी स्पेस एजेंसी के मुताबिक, यह पिछले 75 सालों में पहला ऐसा पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा, जिसकी मुख्य छाया सीधे सऊदी अरब के ऊपर से गुजरेगी। इसी वजह से देश के लिए इसे काफी खास और ऐतिहासिक घटना माना जा रहा है। इसे देखने के लिए वैज्ञानिकों में भी काफी उत्साह है।
6 मिनट से ज्यादा रहेगा पूर्ण सूर्य ग्रहण का समय
साइंटिस्ट्स के अनुसार, इस ग्रहण की अधिकतम अवधि 6 मिनट 23 सेकंड तक रहेगी, जो इस सदी के सबसे लंबे पूर्ण सूर्य ग्रहणों में शामिल है। इस अद्भुत समय के दौरान सूर्य पूरी तरह चंद्रमा के पीछे छिप जाएगा और आसमान में सिर्फ सूर्य का बाहरी चमकदार कोरोना ही दिखाई देगा।
यह पूर्ण सूर्य ग्रहण अटलांटिक महासागर से शुरू होकर मोरक्को, अल्जीरिया, ट्यूनीशिया, लीबिया, मिस्र, लाल सागर, सऊदी अरब, यमन और सोमालिया से होते हुए हिंद महासागर की तरफ बढ़ेगा। जिन इलाकों से यह गुजरेगा, वहां कुछ मिनटों के लिए दिन में रात जैसा अहसास होगा।
मिस्र के लक्सर में दिखेगा सबसे शानदार नजारा
सऊदी स्पेस एजेंसी ने बताया कि आभा और दक्षिणी इलाकों में यह ग्रहण लगभग 6 मिनट तक दिखेगा। वहीं जेद्दा और पश्चिमी तटीय क्षेत्रों में इसकी टाइमिंग लगभग 5 मिनट 50 सेकंड होगी। हालांकि, इसका सबसे लंबा और बेस्ट व्यू मिस्र के लक्सर शहर में करीब 6 मिनट 19 सेकंड तक रहेगा।
पूर्ण सूर्य ग्रहण तब बनता है जब सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी एक सीधी लाइन में आ जाते हैं। चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बिल्कुल बीच में आकर धूप को रोक लेता है। इस प्रक्रिया के दौरान अचानक दिन में अंधेरा हो जाता है और केवल सूर्य की बाहरी रिंग यानी कोरोना ही चमकती नजर आती है।