Kathmandu News: नेपाल के प्रसिद्ध पर्यटन शहर पोखरा में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिहार नंबर की एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर प्रसिद्ध फेवा झील में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में दो भारतीय नागरिकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पूर्वी चंपारण के रहने वाले थे युवक
मृतकों में से एक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल निवासी 26 वर्षीय नवदीप कुमार यादव के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे मृतक भारतीय की पहचान जुटाने की कोशिश की जा रही है। हादसे में घायल दो युवकों को तुरंत बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीकी गंडकी मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
अस्पताल में घायलों की हालत स्थिर
घायलों की पहचान 27 वर्षीय अनमोल कुमार यादव और 33 वर्षीय सूरज यादव के तौर पर हुई है। दोनों रक्सौल के निवासी हैं और डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस और स्थानीय बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।
मोड़ पर नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
गंडकी प्रांत पुलिस कार्यालय के प्रमुख जितेंद्र बीसी ने बताया कि यह दुर्घटना तड़के करीब 4:50 बजे हुई। सेडी से लेकसाइड की तरफ जा रही कार पोखरा-18 स्थित गौरीचौतरा मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद राहत दल ने क्रेन की मदद से कार को झील से बाहर निकाला।