Moshav Aviel News: उत्तरी इजराइल के मोशाव अविएल में शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार अपार श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया। इस दौरान पूरा माहौल ‘हरे रामा, हरे कृष्णा’ के जयकारों से गूंज उठा। इस उत्सव में शामिल होने के लिए देश भर से सैकड़ों यहूदी श्रद्धालु पहुंचे।
भारतीय संस्कृति के रंग में रंगा कृषि आधारित गांव
कृषि आधारित इस सामुदायिक गांव का सांस्कृतिक केंद्र पूरी तरह भारतीय रंग में नजर आया। यह स्थान उस कस्बे के करीब है जहां कृष्ण भक्त रहते हैं। ये श्रद्धालु भारत यात्राओं, खासकर वृंदावन और मायापुर में सीखे गए आध्यात्मिक सिद्धांतों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करते हैं।
स्थानीय भक्तों के लिए ‘गौर पूर्णिमा’ और ‘जन्माष्टमी’ सबसे प्रमुख वार्षिक उत्सव हैं। इन कार्यक्रमों में भारतीय संस्कृति में रुचि रखने वाले स्थानीय नागरिक भी उत्साह से भाग लेते हैं। एक स्थानीय निवासी तमार ने बताया कि वह पिछले दो दशकों से हर साल इस विशेष आयोजन में शामिल होती आ रही हैं।
‘एलोहिम प्लस’ नाटक का मंचन और 108 व्यंजनों का भोग
जन्माष्टमी के मौके पर भक्तों ने ‘एलोहिम प्लस’ नामक एक विशेष नाटक का मंचन किया। इसके जरिए राधा-कृष्ण के प्रेम, अटूट समर्पण और दिव्य संबंध को खूबसूरती से दर्शाया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को 108 तरह के शुद्ध शाकाहारी व्यंजनों का कृष्ण प्रसाद परोसा गया।