Kathmandu News: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और तबाही के बीच सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक अब तक 11,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इस महाभियान में सेना समेत 22,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी और 16 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं।
अपर त्रिशूली प्रोजेक्ट से निकाले गए सैकड़ों मजदूर
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार अपर त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना स्थल से 254 श्रमिकों और तकनीकी विशेषज्ञों को सुरक्षित बचाया गया है। टनल में फंसे लोगों की तलाश के लिए भारत और चीन के एक्सपर्ट्स भी मदद कर रहे हैं। इस भयानक आपदा में अब तक 939 लोगों की जान जा चुकी है।
अधिकारियों ने बताया कि करीब 4,000 लोग अभी भी लापता हैं। अब तक 927 शव सुरक्षित रखे गए हैं, जिनमें से 51 शवों की पहचान कर परिजनों को सौंपा गया है। पहचान न होने पर 413 अज्ञात शवों का अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत अंतिम संस्कार और प्रबंधन किया गया है।
बिष्णुमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पार
बाढ़ के चलते विस्थापित हुए 2,970 नागरिकों को अलग-अलग अस्थाई राहत कैंपों में ठहराया गया है। इस बीच प्राधिकरण ने बिष्णुमती नदी के तटीय इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है। गोंगाबू के पास नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जिससे सतर्कता बढ़ा दी गई है।