Kathmandu News: नेपाल में भारतीय दूतावास ने 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिकों के शवों की पहचान के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दूतावास ने पीड़ितों के परिजनों से फोटो और डीएनए प्रोफाइल शेयर करने की अपील की है।
वेबसाइट पर फोटो देखकर पहचान कर सकते हैं रिश्तेदार
दूतावास के मुताबिक, रिश्तेदार नेपाल पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध तस्वीरों और विवरण के जरिए शवों की शिनाख्त कर सकते हैं। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर शवों को भारत वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया में मदद करेगा।
नेपाल सरकार ने स्पष्ट किया है कि विदेशी नागरिकों के शवों को सौंपने के लिए पोस्टमार्टम, आईडी वेरिफिकेशन, फिंगरप्रिंट और डीएनए टेस्ट जैसी औपचारिकताएं जरूरी हैं। स्वास्थ्य जोखिमों से बचने के लिए प्रशासन ने कई अज्ञात शवों को अस्थाई रूप से दफनाया भी है।
डीएनए प्रोफाइल और ब्लड सैंपल भेजने के लिए ईमेल जारी
जिन शवों की पहचान सामान्य तरीके से संभव नहीं है, उनके लिए परिजनों का डीएनए मैच कराया जाएगा। इसके लिए करीबी रिश्तेदार dnacodis@nepalpolice.gov.np और दूतावास के ईमेल eoikathmandufloodsupport@gmail.com पर डीएनए प्रोफाइल या जानकारी भेज सकते हैं।
नेपाल के रासुवा और आसपास के इलाकों में आई इस आपदा में 939 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3,925 लोग अभी लापता हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, राहत और बचाव कार्यों के बीच अब तक 158 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।