जो बाइडेन ने अपनी किताब में किए अहम खुलासे, भारत-अमेरिका संबंधों और अफगानिस्तान युद्ध पर लिखी बड़ी बातें

Share

- Advertisement -

Washington News: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपनी पुस्तक ‘प्रॉमिस मी, अमेरिका’ (Promise Me, America) में अफगानिस्तान युद्ध, पाकिस्तान और भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर कई महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए हैं। बाइडेन ने लिखा है कि वर्ष 2009 में वे अफगानिस्तान में अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़ाने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उनकी यह सलाह नहीं मानी।

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपनी किताब ‘प्रॉमिस मी, अमेरिका’ (Promise Me, America) में अमेरिकी विदेश नीति, अफगानिस्तान सैन्य अभियान, पाकिस्तान और भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को लेकर कई अहम बातें लिखी हैं। बाइडेन ने पुस्तक में स्वीकार किया है कि अफगानिस्तान में अमेरिकी सैन्य अभियान कभी भी एक स्थायी जीत में नहीं बदल सका। उन्होंने लिखा कि अमेरिका ने वहां लोकतंत्र स्थापित करने और देश के पुनर्निर्माण पर भारी धनराशि खर्च की, लेकिन इसका बड़ा हिस्सा स्थानीय अधिकारियों के हाथों में चला गया।

ओसामा बिन लादेन और पाकिस्तान का जिक्र

अफगानिस्तान युद्ध के घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए बाइडेन ने लिखा कि वर्ष 2001 में अमेरिकी सेना को तालिबान को शुरुआती तौर पर हराने में सफलता मिली थी। हालांकि, अल-कायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन तोरा बोरा की लड़ाई के दौरान पाकिस्तान भागने में सफल रहा। बाद में 2 मई 2011 को अमेरिकी नेवी सील्स ने पाकिस्तान में छिपे लादेन के ठिकाने पर अभियान चलाकर उसे मार गिराया। बाइडेन ने लिखा कि इस अभियान के दौरान वे तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में मौजूद थे।

भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी को बताया जरूरी

पुस्तक में जो बाइडेन ने भारत और अमेरिका के बीच लगातार मजबूत होते संबंधों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला है। उन्होंने वर्ष 2006 में अमेरिकी सीनेट में भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका का जिक्र किया है। इसके साथ ही उन्होंने दोनों देशों के बीच वैज्ञानिक सहयोग के उदाहरण के रूप में ‘निसार’ (NISAR) उपग्रह परियोजना का भी उल्लेख किया है।

पाकिस्तान का संदर्भ देते हुए बाइडेन ने लिखा कि पाकिस्तान भारत का प्रतिद्वंद्वी है और अमेरिका के पाकिस्तान के साथ लंबे समय से संबंध रहे हैं। इसके बावजूद, दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश भारत के साथ एक मजबूत रणनीतिक साझेदारी बनाना अमेरिका के लिए बेहद आवश्यक था।

अफगानिस्तान पर ओबामा ने नहीं मानी थी सलाह

बाइडेन ने अपनी किताब में यह भी खुलासा किया कि वर्ष 2009 में उपराष्ट्रपति रहते हुए वे अफगानिस्तान में अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़ाने के खिलाफ थे। उनका मानना था कि अमेरिका को वहां आतंकवाद के खिलाफ सीमित अभियान चलाना चाहिए, न कि अफगानिस्तान की राजनीतिक व्यवस्था और समाज को बदलने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने अफगानिस्तान को ‘साम्राज्यों का कब्रिस्तान’ बताते हुए लिखा कि उसे अमेरिकी शैली के लोकतंत्र में ढालना संभव नहीं था। बाइडेन के अनुसार, तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उनकी यह सलाह नहीं मानी और अफगानिस्तान में सैनिकों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया। वर्ष 2011 तक वहां लगभग एक लाख अमेरिकी सैनिक तैनात किए गए, लेकिन इसके बावजूद तालिबान का विद्रोह लगातार मजबूत होता गया।

Read more

Related News