New Delhi News: दिल्ली नगर निगम (MCD) ने राजधानी में चौथी मंजिल और उससे ऊपर किसी भी तरह की व्यावसायिक गतिविधि, गेस्ट हाउस या कमर्शियल लॉजिंग के संचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। नियमों का उल्लंघन करने पर इमारत सील करने, लाइसेंस रद्द करने और बिजली-पानी का कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राजधानी में इमारतों की सुरक्षा और गेस्ट हाउस संचालन को लेकर सख्त नियम लागू कर दिए हैं। नए प्रावधानों के तहत अब किसी भी इमारत की चौथी मंजिल या उससे ऊपर गेस्ट हाउस, कमर्शियल लॉजिंग या व्यावसायिक आवास गतिविधि संचालित करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
नए नियमों के अनुसार, चौथी मंजिल या उससे ऊपर कमरे बनाकर उन्हें व्यावसायिक रूप से किराए पर देना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। एमसीडी ने स्पष्ट किया है कि इन मंजिलों पर गेस्ट अकोमोडेशन, रिसेप्शन या किसी भी प्रकार की लॉजिंग गतिविधि की अनुमति नहीं होगी।
12 मीटर या उससे ऊंची इमारतों के लिए फायर एनओसी अनिवार्य
नए निर्देशों में इमारतों की ऊंचाई के आधार पर सुरक्षा मानक तय किए गए हैं। जिन इमारतों की ऊंचाई 12 मीटर या उससे अधिक है (आमतौर पर ग्राउंड प्लस तीन मंजिल), उनमें गेस्ट हाउस संचालित करने के लिए दिल्ली फायर सर्विस का वैध फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट (FSC) होना अनिवार्य किया गया है।
यदि कोई संचालक बिना वैध फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट या समाप्त हो चुके प्रमाणपत्र के आधार पर गेस्ट हाउस चलाता पाया गया, तो एमसीडी संबंधित इमारत को सील कर सकती है। इसके साथ ही लाइसेंस रद्द करने और बिजली-पानी की आपूर्ति काटने की कार्रवाई भी की जाएगी।
12 मीटर से कम ऊंचाई वाली इमारतों के लिए प्रावधान
12 मीटर से कम ऊंचाई वाली इमारतों को फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट की अनिवार्यता से छूट दी गई है। हालांकि, इन भवनों में भी बुनियादी अग्नि सुरक्षा इंतजाम रखना जरूरी होगा। इसमें साफ निकास मार्ग, चालू हालत में अग्निशामक यंत्र और आपात स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने के लिए सीढ़ियों पर पर्याप्त जगह शामिल है।
मालवीय नगर अग्निकांड के बाद बढ़ाई गई सख्ती
राजधानी में हुई आगजनी की घटनाओं, विशेष रूप से जून 2026 में मालवीय नगर स्थित एक होटल में लगी भीषण आग के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया है। उस हादसे में 22 से अधिक लोगों की मृत्यु हुई थी। जांच के दौरान यह सामने आया था कि कई इमारतों की ऊपरी मंजिलों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के बिना गेस्ट हाउस चलाए जा रहे थे, जिससे आग लगने की स्थिति में बचाव कार्य में गंभीर बाधा आती है। वर्तमान में एमसीडी द्वारा पूरी दिल्ली में गेस्ट हाउसों का सर्वेक्षण किया जा रहा है।