पंजाब चुनाव 2027 से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की अटकलें तेज, 8 दिसंबर को मोगा में होगी रैली

Share

- Advertisement -

Moga News: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच फिर से गठबंधन होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, दोनों दलों के बीच बातचीत अंतिम दौर में है और 8 दिसंबर को मोगा में होने वाली रैली में इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है।

पंजाब की राजनीति में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़े सियासी समीकरण बनने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि भारतीय जनता पार्टी पहले अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है, लेकिन पूर्व सहयोगी शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर अंदरूनी स्तर पर बातचीत जारी है। इसी बीच शिरोमणि अकाली दल ने 8 दिसंबर को पंजाब के मोगा में एक बड़ी रैली आयोजित करने का ऐलान किया है।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है। दोनों पार्टियों के नेता हर स्तर पर सहमति बनाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि 8 दिसंबर को मोगा रैली के मंच से वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने की घोषणा की जा सके। बताया जा रहा है कि शिरोमणि अकाली दल ने अपने संगठन को इस रैली में दो से ढाई लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया है।

1996 में भी मोगा से ही पड़ी थी गठबंधन की नींव

राजनीतिक इतिहास पर नजर डालें तो वर्ष 1996 में भी शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के बीच ऐतिहासिक गठबंधन की शुरुआत पंजाब के मोगा में आयोजित मुख्य रैली और सम्मेलन से ही हुई थी। इसके बाद वर्ष 1997 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल और बीजेपी गठबंधन की सरकार बनी थी।

इसी रैली के माध्यम से शिरोमणि अकाली दल ने अपनी छवि केवल ‘पंथ’ तक सीमित रखने के बजाय ‘पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत’ के मंच के रूप में प्रस्तुत की थी, जिससे पार्टी में गैर-सिख समुदायों को साथ जोड़ने का मार्ग प्रशस्त हुआ था। अब एक बार फिर उसी स्थान पर होने जा रही रैली को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा तेज है।

Read more

Related News