Tehran News: ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को पूरी तरह नकार दिया है, जिसमें उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का पूरा कंट्रोल होने की बात कही थी। ईरान ने साफ कहा है कि अमेरिकी बयानों से जमीनी सच्चाई नहीं बदलती और यह अहम समुद्री रास्ता पूरी तरह बंद है।
ईरान के फारस की खाड़ी जलडमरूमध्य प्राधिकरण (PGSA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक आधिकारिक पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा, “अमेरिकी अधिकारियों के दावों से सच नहीं बदलता,होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है और जब तक ईरान की शर्तें स्वीकार नहीं की जातीं, इसे नहीं खोला जाएगा।”
ईरान का यह तीखा बयान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के ट्रुथ सोशल पर दिए गए पोस्ट के ठीक बाद आया है। ट्रंप ने दावा किया था कि इस समुद्री मार्ग पर अमेरिका का पूरी तरह से कब्जा है। उन्होंने अमेरिकी नेवी की मौजूदगी को स्टील की दीवार बताते हुए कहा कि ईरान अब लाचार है।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में आगे कहा कि ईरान की सेना अब पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। ट्रंप ने लिखा, “उनके पास सिर्फ फेक न्यूज और 300% महंगाई बची है! ईरान केवल बातें करता है, कार्रवाई नहीं। वह अब मिडिल ईस्ट का दादा (Bully) नहीं रहा। अल्हम्दुलिल्लाह!”