Gironde News: फ्रांस के गिरोंद क्षेत्र सहित दक्षिण-पश्चिम हिस्से में पेरिस से चार गुना बड़े इलाके में जंगल की आग बेकाबू हो चुकी है। दूसरी ओर, यूनान में आग बुझाते समय तीन दमकलकर्मियों की मौत हो गई। यूरोप के कई देशों में भीषण गर्मी, सूखे और तेज हवाओं के चलते संकट गहरा गया है।
अधिकारियों के अनुसार गिरोंद क्षेत्र में लगी देश की सबसे बड़ी जंगल की आग रात में नहीं फैली। हालांकि बुधवार दोपहर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंचने और हवाएं तेज होने से स्थिति बिगड़ने का खतरा बढ़ गया है। यहां 2,200 से अधिक दमकलकर्मी और 20 से ज्यादा विमान राहत एवं बचाव कार्य में लगातार जुटे हुए हैं।
भीषण गर्मी और सूखे से यूरोप के जंगलों में बढ़ा जोखिम
अत्यधिक तापमान और कम आर्द्रता के कारण सूखे पत्ते, घास और झाड़ियां तुरंत आग पकड़ रहे हैं। मौसम विज्ञान सेवा मेतियो-फ्रांस ने चेतावनी जारी की है कि इस सप्ताह का सबसे गर्म और शुष्क दिन होने के कारण आग का खतरा चरम पर रहेगा। फ्रांस और स्पेन में स्थिति गंभीर होने से लाखों लोग पलायन कर चुके हैं।
यूनान के अग्निशमन विभाग ने क्रीट के रेथिम्नो क्षेत्र में आग बुझाने के दौरान दो जवानों की मौत की पुष्टि की है। वहीं दक्षिणी पेलोपोनीज क्षेत्र में एक अन्य दमकलकर्मी की जान चली गई। पूरे पूर्वी भूमध्यसागरीय क्षेत्र में तेज हवाओं और शुष्क मौसम ने राहत और बचाव दल की चुनौतियों को कई गुना बढ़ा दिया है।