Chittagong News: बांग्लादेश की जेल में बंद हिंदू अधिकार कार्यकर्ता और संत चिन्मय कृष्ण दास को अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पांच घंटे की पैरोल दी गई है। चटगांव प्रशासन ने पारिवारिक आवेदन पर मानवीय आधार पर यह निर्णय लिया, जिससे वे अंत्येष्टि में शामिल हो सकें।
मां संध्या रानी धर के निधन पर मिली अंतरिम पैरोल
चिन्मय कृष्ण दास की 70 वर्षीय मां संध्या रानी धर लंबे समय से बीमार थीं और हथजारी के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। इसके बाद दास के भाई ने प्रशासन से पैरोल पर रिहाई के लिए औपचारिक गुहार लगाई थी।
देशद्रोह के आरोप में नवंबर 2024 से जेल में बंद
चटगांव के जिला उपायुक्त मोहम्मद जाहिदुल इस्लाम ने कानूनी प्रावधानों के तहत दास को पांच घंटे की पैरोल मंजूर की। गौरतलब है कि राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान और देशद्रोह के गंभीर आरोपों में नवंबर 2024 में दास को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद काफी तनाव देखने को मिला था।