चीन के ताइयुआन में बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 14 लोगों की मौत और 30 से अधिक घायल

Share

- Advertisement -

Taiyuan News: उत्तरी चीन के ताइयुआन शहर में एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। रिहायशी और व्यावसायिक गतिविधियों वाली इस इमारत में रविवार शाम आग भड़की थी। अस्पताल में कई घायलों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

उत्तरी चीन के शानक्सी प्रांत की राजधानी ताइयुआन में रविवार शाम एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। स्थानीय यिंगजे जिला प्रशासन के अनुसार, यह हादसा रविवार शाम करीब 5 बजे शहर के व्यस्त इलाके में स्थित इमारत में हुआ। इस भीषण अग्निकांड में 14 लोगों की झुलसने और दम घुटने से मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की स्थिति चिंताजनक है।

हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने रविवार रात 38 लोगों को अस्पताल पहुंचाया था, जिनमें से 5 लोगों को शुरुआत में मृत घोषित किया गया था। सोमवार सुबह तक इलाज के दौरान गंभीर रूप से झुलसे 9 अन्य लोगों ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 14 हो गई।

5वीं मंजिल से भड़की आग, ऊपरी हिस्सों में फैला जहरीला धुआं

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आग की शुरुआत इमारत की पांचवीं मंजिल से हुई मानी जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इमारत में जहरीला धुआं भर गया। इमारत में मौजूद एक होटल कर्मचारी के मुताबिक, पांचवीं मंजिल पर आग लगने के बाद ऊपरी तलों तक धुआं तेजी से फैला, जिससे लोगों का दम घुटने लगा। आठवीं मंजिल पर मौजूद कई लोग आग और धुएं की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान चलाया और लोगों को बाहर निकाला।

रिहायशी और व्यावसायिक मिक्स-यूज बना हादसे की बड़ी वजह

चीन के रियल एस्टेट प्लेटफॉर्म ‘लियानजिया’ और स्थानीय मीडिया की जानकारी के अनुसार, यह इमारत एक ‘मिक्स-यूज’ ब्लॉक थी, जहां रिहायशी फ्लैट्स के साथ-साथ कई व्यावसायिक गतिविधियां और होटल संचालित हो रहे थे। शहर के बीचों-बीच स्थित होने के कारण इस इमारत के आसपास स्कूल, अस्पताल और पर्यटन स्थल हैं, जिससे यहां हमेशा भीड़भाड़ रहती थी। प्राथमिक आकलन के अनुसार, इमारत की मिश्रित प्रकृति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते आग तेजी से फैली और बचाव कार्य में मुश्किलें आईं।

चीन की सरकारी संवाद समिति ‘सिन्हुआ’ और ताइयुआन के स्थानीय प्रशासन ने पुष्टि की है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।

Read more

Related News