Chicago News: अमेरिका के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में महिला सुरक्षा को लेकर फिर गंभीर सवाल उठे हैं। कॉर्नेल यूनिवर्सिटी में सामने आए मामलों के बाद अब शिकागो यूनिवर्सिटी के एक फ्रैटर्निटी हाउस से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। पार्टी के दौरान एक युवती के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न की वारदात को अंजाम दिया गया।
पीड़िता अपनी सहेलियों के साथ ‘अल्फा एप्सिलॉन पाई’ फ्रैट हाउस की एक पार्टी में गई थी। पार्टी के दौरान युवती की तबीयत बिगड़ने पर वह अलग हो गई। तलाश करते हुए सहेलियां बेसमेंट में पहुंचीं तो एक बाथरूम बंद मिला। बाहर खड़े कुछ युवक दरवाजा पीटते हुए अंदर जाने के लिए जोर-जोर से चिल्ला रहे थे।
सहेली ने दरवाजा खोलकर बचाया, यूनिवर्सिटी का छात्र नहीं है आरोपी
पीड़िता की सहेली मिया लारा ने धक्का-मुक्की कर दरवाजा खोला तो पीड़िता बदहवास हालत में मिली और मदद की गुहार लगा रही थी। मौके पर खड़ा एक बाहरी व्यक्ति आरोपों को गलत बताकर भागने लगा। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। अस्पताल में पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराया गया है।
फ्रैटर्निटी के प्रवक्ता जोनाथन पियर्स ने दावा किया कि उनके किसी सदस्य ने घटना को बढ़ावा नहीं दिया और सूचना मिलते ही पार्टी बंद करा दी गई थी। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने साफ किया है कि संदिग्ध आरोपी संस्थान का छात्र नहीं है। पुलिस के अनुसार संदिग्ध की पहचान हो चुकी है और जांच जारी है।
