Bhojpur News: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामडीहरा गांव में दीपावली की रात पुराने विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में स्कॉर्पियो से कुचलकर दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव में दीपावली की रात दो पक्षों के बीच उपजा विवाद हिंसक वारदात में बदल गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से कुल नौ लोगों को रौंद दिया गया, जिसमें दो सहोदर भाइयों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मृतकों की पहचान कमलेश कुमार यादव और दिनेश कुमार यादव के रूप में हुई है। कमलेश यादव की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, वहीं दिनेश यादव ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा। सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी स्थिति पर चिकित्सक नजर रखे हुए हैं।
मंदिर में गाना बजाने और पुरानी रंजिश पर बढ़ा विवाद
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात गांव के एक मंदिर के पास कुछ लोग गाना बजा रहे थे। दूसरे पक्ष के लोगों ने वहां पहुंचकर इसका कड़ा विरोध जताया। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ लोग नशे की हालत में भी थे। गाना बजाने के विरोध से शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई। विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों और अन्य ग्रामीणों पर भी हमला कर दिया गया। आरोप है कि इसी दौरान रितेश यादव नामक व्यक्ति ने भीड़ पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी चढ़ा दी।
मृतक के परिजनों ने शराब बरामदगी के विवाद का लगाया आरोप
मृतक दिनेश यादव के पुत्र अमित कुमार यादव ने बताया कि गांव में कुछ समय पूर्व पुलिस द्वारा शराब बरामद की गई थी। उस घटना को लेकर आरोपी पक्ष उनके परिवार पर मुखबिरी का शक करता था और इसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। अमित के अनुसार, विवाद के दौरान पहले उनके चाचा के साथ मारपीट की गई। जब उनके पिता दिनेश यादव बीच-बचाव कराने पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद जब परिवार के लोग सड़क पर पहुंचे, तब रितेश यादव और उसके अन्य साथियों ने जानबूझकर उनके ऊपर स्कॉर्पियो चढ़ा दी।
गांव में तनाव, आरोपियों की धरपकड़ में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही बिहिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सदर अस्पताल भिजवाया। बिहिया थाना अध्यक्ष विपिन बिहारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पूर्व के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद स्कॉर्पियो से कुल नौ लोगों को रौंदने की घटना सामने आई है। पुलिस घटना में शामिल नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद से रामडीहरा गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस बल स्थिति पर नजर बनाए हुए है।