International News: दिग्गज सॉफ्टवेयर कंपनी ओरेकल ने कर्मचारियों की छंटनी का नया दौर शुरू कर दिया है। कंपनी पेरोल खर्च घटाने के साथ डेटा सेंटर क्षमता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मांग पूरी करने के लिए भारी निवेश कर रही है। प्रभावित कर्मचारियों को ईमेल भेजकर पद समाप्त किए जाने की सूचना तुरंत प्रभाव से दी गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी के पुनर्गठन के चलते कुछ टीमों में 10 प्रतिशत से अधिक की कटौती हो सकती है। निकाले गए कर्मचारियों को बताया गया कि बड़े स्तर पर बदलावों के तहत उनकी भूमिका खत्म की गई है। उनका अंतिम कार्य दिवस भी तत्काल प्रभाव से तय कर दिया गया है।
एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए फंड जुटाने और लागत घटाने की रणनीति
ओरेकल ने चालू वर्ष की शुरुआत में भी बड़ी संख्या में कर्मचारियों को निकाला था। वित्तीय वर्ष की फाइलिंग के अनुसार कंपनी में पहले ही लगभग 21,000 कर्मचारियों की कमी आ चुकी थी। नई छंटनी से पहले कंपनी में 141,000 कर्मी थे और अब 7,000 से 10,000 पद समाप्त होने का अनुमान है।
कर्मचारियों की संख्या घटाने का यह फैसला ऐसे दौर में आया है जब कंपनी एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च बढ़ा रही है। डेटा सेंटर विस्तार के लिए भारी कर्ज लिया जा रहा है। कंपनी ने तिमाही पूंजीगत खर्च 28.5 अरब डॉलर बताया है, जो वित्तीय वर्ष 2027 तक 95 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।